दर्दनाक हादसा : बोलैरो गाड़ी खाई में गिरी, 2 की मौत, 6 घायल (Watch Pics)

Wednesday, Jan 31, 2018 - 07:01 PM (IST)

शिमला (नीरज सोनी): पुलिस थाना कुमारसैन के अंतर्गत एन.एच 5 पर नारकंडा के बारूबाग में बुधवार को एक बोलैरो जीप (एच.पी. 06ए-8929) अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिसमें 2 की मौत हो गई जबकि 6 अन्य घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी रामपुर से नारकंडा के हाटू जा रही थी। नारकंडा से करीब 5 किलोमीटर पीछे बारूबाग में गाड़ी सड़क से नीचे खाई में जा गिरी, जिसमें शांति स्वरूप (25) पुत्र शंकर सिंह गांव रून्पू तहसील रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ममता (16) पुत्री हीरा सिंह गांव दलेवटा डाकघर देलठ तहसील रामपुर की मौत कुमारसैन अस्पताल में हुई।


दुर्घटना में विक्रान्त (31) पुत्र फूल सिंह गांव रून्पू तहसील रापमुर, जिशान (25) पुत्र कुन्दन गांव रून्पू तहसील रामपुर, जमुना (19) पुत्री हीरा सिंह गांव दनेवटा देलठ तहसील रामपुर, मीरा (18) पुत्री कर्मदास गांव छबरावार्ड डाकघार दोफदा तहसील रामपुर, पूनम (17) पुत्री दिवान सिंह गांव पूजे डाकघर निचार जिला किन्नौर, अंजू (17) पुत्री सोहनलाल गांव भावानगर जिला किन्नौर घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल जिशान, मीरा व विक्रान्त को आई.जी.एम.सी शिमला रैफर किया गया जबकि अंजू व पूनम को रामपुर अस्पताल रैफर किया गया इसके अलावा जमुना का कुमारसैन अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। 

वहीं घटना की सूचना मिलने पर एस.डी.एम कुमारसैन नीरज गुप्ता ने अस्पताल में पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना व गंभीर रूप से घायलों को प्रशासन की ओर से 5-5 हजार रूपए व दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार रूपए की फौरी राहत राशि प्रदान की। 

पुलिस थाना कुमारसैन के प्रभारी एस.एच.ओ. सन्नी गुलेरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी में कुल 8 लोग रामपुर से नारकंडा के हाटू की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 2 की मौत हो गई है जबकि 6 घायल हो गए हैं, जिनमें गंभीर रूप से 3 घायलों को शिमला व 2 युवतियों को रामपुर रैफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।