दर्दनाक हादसा : अखाड़े में कुश्ती से पहले ही सदा के लिए चित हो गया पहलवान, जानिए कैसे

Sunday, Aug 27, 2017 - 05:10 PM (IST)

बड़ूही: सब तहसील जोल के गांव भलौण में आयोजित दंगल में अखाड़े में पहुंचते ही युवा पहलवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान जतिंद्र पुत्र पुष्पिंदर निवासी भलौण के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गांव के दंगल में कुश्ती मुकाबले में भाग लेने गया जितेन्द्र मुकाबले के लिए तैयार था और अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहा था। वह झाडिय़ों के पास खड़ा था जहां सांप ने उसे डस लिया। इसके बाद जैसे ही वह कुश्ती के लिए अखाड़े में पहुंचा तो अचनाक गश खाकर गिर गया। स्थानीय लोग उपचार के लिए उसे अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के चाचा ने बताया कि लड़के का शरीर नीला पड़ गया था और उसके मुंह से झाग भी निकल रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

परिवार का था इकलौता चिराग
परिवार में जतिंद्र सबसे छोटा और सबका लाडला था। मृतक के पिता मेहनत मजदूरी करके परिवार का पेट पाल रहे हैं। परिवार का इकलौता चिराग बुझ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जतिंद्र की मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद की गुहार लगाई है।