पद्मश्री शूटर विजय कुमार ने CM जयराम से मुलाकात कर मांगी IAS रैंक की नौकरी (Watch Video)

Tuesday, Feb 06, 2018 - 02:24 PM (IST)

शिमला: लंदन ओलम्पिक में शूटिंग प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल करने वाले हमीरपुर के विजय कुमार शर्मा ने सरकार से आई.ए.एस. स्तर की नौकरी व स्पोर्ट्स मैडल देने की मांग की है। विजय कुमार ने सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से उनके सरकारी आवास ओकओवर में मुलाकात की और प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने सहित कई अन्य विषयों पर भी बात की। उन्होंने इस दौरान स्पोर्ट्स अकादमी खोलने की भी मांग की।


पद्मश्री विजय कुमार ने कहा कि स्पोर्ट्स में जाने का मौका उन्हें आर्मी में मिला लेकिन अब वह वहां से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री से कहा कि सरकार जैसे अन्य खिलाड़ियों की उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें नौकरी प्रदान करती है, वैसे ही उन्हें भी आई.ए.एस. स्तर की नौकरी प्रदान की जाए। विजय ने वर्ष 2006 कॉमनवैल्थ गेम्स में 2 स्वर्ण पदक जीते थे। इसके अलावा वर्ष 2012 ओलम्पिक गेम्स में सिल्वर मैडल हासिल किए। इसके साथ ही 2013 एशियन गेम्स में 1 स्वर्ण, 1 रजत एवं 2 कांस्य पदक हासिल किए थे। इसके साथ ही वर्ष 2016 में 12वीं सैफ गेम्स में 2 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया था।