प्रो कबड्डी सीजन-8 : पद्मश्री अजय ठाकुर दिल्ली दबंग टीम में शामिल, इतने लाख रुपए में लगी बोली

Friday, Sep 03, 2021 - 07:38 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): प्रो कबड्डी सीजन-8 में दिल्ली दबंग की टीम में पद्मश्री व अर्जुन अवार्ड से सुशोभित अजय ठाकुर का चयन हुआ है। उन्हें फ्रैंचाइजी ने नीलामी के दौरान 46 लाख रुपए बोली लगाकर टीम में शामिल किया है। दिसम्बर माह में शुरू होने वाले प्रो कबड्डी लीग में इस बार पहली मर्तबा प्रदेश के 6 खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। अजय ठाकुर को दिल्ली दबंग ने खरीदा है। जिला ऊना के दहला गांव के रहने वाले विशाल भारद्वाज और दभोटा के रहने वाले बलदेव सिंह को पुनेरी पलटन ने 60-60 लाख रुपए में खरीदा है। नालागढ़ के जोघों के रहने वाले राहुल राणा को पहली बार यू मुंबा ने 10 लाख रुपए में खरीदा है। सुरेंद्र को तेलगु टाइटन ने 55 लाख और महेंद्र सिंह को बेंगलूरू बुल्स ने 50 लाख की बोली लगाते हुए खरीदा है।

प्रो कबड्डी सीजन-8 में इस बार अपना दमखम दिखाने के लिए अजय ठाकुर ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है। बता दें कि अजय ठाकुर भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान और 2016 में कबड्डी विश्व कप व 2014 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीमों का हिस्सा भी रह चुके हैं। सोलन जिला के नालागढ़ से सम्बन्ध रखने वाले अजय ठाकुर पुलिस विभाग में बतौर डीएसपी प्रोबेशनल बिलासपुर में अपनी सेवाएं देने के बाद आजकल बिलासपुर के ही बस्सी बटालियन में अपनी ड्यूटी दे रहे हैं।

अजय ठाकुर का कहना है कि प्रो कबड्डी लीग में वह अपनी बैस्ट परफॉर्मेंस देंगे ताकि दिल्ली दबंग की शानदार जीत हो सके। साथ ही उन्होंने अपने सभी व दिल्ली दबंग टीम के सभी फैंस से उनकी टीम का हौसला बढ़ाने की अपील की है ताकि इस बार प्रो कबड्डी लीग सीजन-8 में वह कुछ नया करके दिखा सकें। बता दें कि प्रो कबड्डी लीग सीजन-7 का आयोजन वर्ष 2019 में हुआ था उसके बाद कोरोना महामारी के चलते वर्ष 2020 में प्रो कबड्डी का आयोजन नहीं हो पाया। वहीं इस बार कोरोना के घटते मामलों को देखते हुए दिसम्बर माह में प्रो कबड्डी लीग सीजन-8 का आयोजन किया जा रहा है जिसे लेकर कबड्डी के फैन्स में खासा उत्साह है।

Content Writer

Vijay