पी. चिदम्बरम ने पद का दुरुपयोग कर देशवासियों को दिया धोखा : अनुराग

Wednesday, May 16, 2018 - 12:38 AM (IST)

ऊना (विशाल): हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदम्बरम के खिलाफ इनकम टैक्स डिपार्टमैंट द्वारा दायर की गई चार्जशीट को कांग्रेस का असली चेहरा करार दिया है। उन्होंने चिदम्बरम पर अपने पद का दुरुपयोग और देशवासियों को धोखा देने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे पी. चिदम्बरम ने विदेशों में अपनी सम्पत्ति का खुलासा न करके न सिर्फ अपने पद की गरिमा का हनन किया है बल्कि देशवासियों को भी छला है। चिदम्बरम ने आयकर रिटर्न में ब्रिटेन के कैम्ब्रिज में 5.37 करोड़ की सम्पत्ति की सूचना नहीं दी। ब्रिटेन में एक अन्य जगह 80 लाख और अमरीका में 3.28 करोड़ की सम्पत्ति का ब्यौरा भी छुपाया। चिदम्बरम ने विदेशों में साढ़े 9 करोड़ से भी ज्यादा की सम्पत्ति छुपा रखी है।


इंपोजिशन ऑफ टैक्स एक्ट 2015 का किया उल्लंघन
उन्होंने कहा कि चिदम्बरम ने विदेशों में अपनी सम्पत्ति का खुलासा न करके इंपोजिशन ऑफ टैक्स एक्ट 2015 का उल्लंघन किया है। इससे साफ होता है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम ने काले धन पर एस.आई.टी. क्यों नहीं बनाई। वह अपने आपको कैसे फंसा सकते थे। राहुल गांधी बार-बार 15 लाख रुपए की बात करते हैं, क्या यह जनता को इशारा है कि चिदम्बरम के काले धन में से 15-15 लाख रुपए बांट लो। कांग्रेस के कई मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। यदि केवल चिदम्बरम के पास इतना काला धन है तो बाकी बड़े कांग्रेसी नेताओं की सम्पत्ति का अंदाजा लगाना नामुमकिन है।

Vijay