यहां धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोडिड वाहनों, प्रशासन बना मूकदर्शक

Saturday, Jun 29, 2019 - 04:08 PM (IST)

पांवटा साहिब (रोबिन): एक तरफ प्रदेश सरकार ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के लिए हर रोज कई प्रयत्न कर रही है और दूसरी तरफ सैंकड़ों ओवरलोड वाहन सड़कों पर दौड़ते देेखे जा सकते हैं। सरकार ने ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी थी लेकिन अधिकारियों के कार्यभार न संभालने से ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

जिला सिरमौर का पांवटा से शिलाई-शिमला-रोहड़ू मार्ग अत्यंत दयनीय स्थिति में है। तीखे मोड़ों के कारण यहां कई हादसे हो चुके हैं लेकिन इन सड़कों पर ओवरलोड वाहन सरपट दौड रहे हैं। उच्च अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद भी कोई चालान नहीं काटे जा रहे हैं। नेताओं के सख्त आदेशों के बाद भी अधिकारी इक्का-दुक्का वाहनों के चालान काटकर अपनी ड्यूटी पूरी कर रहे हैं।

सूबे के मुखिया सीएम जयराम ठाकुर ने प्रदेश में सरकार बनते ही ओवरलोडिंग बंद करने के सख्त आदेश दिए थे लेकिन धरातल पर ओवरलोडिंग पर कोई लगाम नहीं है। यहां का प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है। हादसे होने के बाद अधिकारी इक्का-दुक्का छोटे वाहनों के या लोकल बसों के चालान काट कर अपने काम से इतिश्री कर लेते हैं जबकि ओवरलोडिड व ट्रेन की गति से भाग रहे वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

नाथूराम ने कहा कि यहां के दोनों दलों के नेताओं की मिलीभगत के कारण भी ओवरलोडिंग करने वालों के ऊपर शिकंजा नहीं कसा जा रहा है। पुलिस के अधिकारी सख्ती करते हैं तो उनकी ट्रांसफर करवा दी जाती है। इतने हादसे होने के बावजूद भी क्यों इन लोगों को सबक नहीं मिल रहा है। क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है।

Vijay