अब अप्रैल के बाद ही पर्यटकों को होंगे त्रियुंड के दीदार

Tuesday, Apr 16, 2019 - 10:03 AM (IST)

धर्मशाला : देशी व विदेशी पर्यटकों के पसंदीदा पर्यटन स्थल त्रियुंड का पर्यटकों को अप्रैल माह के बाद ही दीदार होगा। इस वर्ष ज्यादा बर्फबारी होने की वजह से टूटे रास्तों को दोबारा से बहाल करने में ज्यादा समय लगने के चलते पर्यटकों को रोका जा रहा है। वन विभाग के अधिकारियों की मानें तो इसे बहाल करने के लिए 30 अप्रैल का समय सुनिश्चित किया गया है, लेकिन मौसम खराब होने की स्थिति में और समय लग सकता है। उल्लेखनीय है कि त्रियुंड हिमाचल प्रदेश का ऐसा ट्रेकिंग प्वाइंट है, जो हरेक रोमांच पसंद करने वालों को अपनी ओर आकर्षित करता है। झरनों व पहाड़ों के साथ होता हुआ रास्ता प्रकृति के हर रंग से रू-ब-रू करवाता है। रात के समय यहां तारों के नीचे रंग-बिरंगे टैंटों का जगमगाना पर्यटकों को एक अलग ही दुनिया में ले जाता है। बहरहाल इसके लिए पर्यटकों को मई महीने का इंतजार करना पड़ेगा।

चोर रास्ते दे रहे हैं हादसों को न्यौता जानकारी के मुताबिक वन विभाग की मनाही के बावजूद कई दफा पर्यटकों को चोर रास्ते से त्रियुंड ले जाया जाता है। हालांकि दिन के समय ज्यादा समस्या नहीं होती है, लेकिन रात को पर्यटकों के यहां फंसने से प्रशासन के लिए चिंता का सबब बनता है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 30 वर्षों में रास्ता भटकने से 33 ट्रैकर्स अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं स्थानीय ट्रैकर्स ने मांग उठाई है कि इन हादसों को रोकने के लिए ट्रैकर्स को गाइड के साथ भेजना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए जल्द ही विभाग स्टैक होल्डर्स के साथ बैठक करने जा रहा है।

kirti