पांवटा अस्पताल से हड्डी विशेषज्ञ डॉक्टर का तबादला, हजारों लोगों की बढ़ी मुसीबत

Tuesday, Dec 03, 2019 - 05:23 PM (IST)

पांवटा साहिब (प्रेम वर्मा): पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर के न होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार यहां पर जो हड्डी विशेषज्ञ डॉक्टर था, उसका 15 दिन पहले यहां से ट्रांसफर हो गया है, जिस कारण पांवटा साहिब के साथ-साथ शिलाई, रेणुका व नाहन विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों को परेशानी उठाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है क्योंकि सिविल अस्पताल पांवटा लगभग 4 विधानसभा क्षेत्र के लोगों का केंद्र बिंदु है। यहां लोगों को हड्डी विशेषज्ञ न मिलने के कारण पड़ोसी राज्य उत्तराखंड या निजी अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है, जिस कारण लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ भी पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आए दिन यहां पर सैंकड़ों हड्डी से संबंधित रोगी पहुंचते हैं लेकिन यहां आने के बाद उन्हें पता चलता है कि यहां पर हड्डी का डॉक्टर नहीं है, जिस कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द यहां पर हड्डी विशेषज्ञ डॉक्टर नियुक्त किया जाए ताकि उन लोगों को राहत मिल सके।

वहीं इस बारे में जब एसएमओ डॉक्टर संजीव सहगल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि लगभग 15 दिन पहले यहां से हड्डी विशेषज्ञ डॉक्टर का ट्रांसफर हो गया है और इसके बारे में उन्होंने हाईर अथॉरिटी को सूचित कर दिया है। जैसे ही यहां पर कोई हड्डी का डॉक्टर नियुक्त होगा लोगों को फिर से सेवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी।

Vijay