International Yoga Day पर रिज पर होगा कार्यक्रम का आयोजन, CM व मंत्रिमंडल सहयोगी लेंगे हिस्सा

Thursday, Jun 07, 2018 - 09:31 AM (IST)

शिमला: 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर योग करेंगे। राज्यपाल आचार्य देवव्रत को भी इस आयोजन के लिए न्यौता भेजा जा रहा है, साथ ही केंद्र सरकार से भी 1 मंत्री के इस आयोजन में भाग लेने की संभावना है। सत्ता और संगठन के नेता भी इस आयोजन को सफल बनाने में जुट गए हैं। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त को योग दिवस आयोजन का प्रभारी बनाया गया है।


इस विषय को लेकर संगठनात्मक स्तर पर पतंजलि योगपीठ के प्रतिनिधियों से भी चर्चा हुई है। यानी राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन रिज मैदान पर होगा तथा जिला और मंडल स्तर पर भी इस आयोजन को मनाए जाने पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में यदि जिला व मंडल स्तर पर यह आयोजन किया जाता है तो प्रदेश सरकार के मंत्रियों को वहां का दायित्व सौंपा जा सकता है। स्कूल, कालेज और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी इस आयोजन में शामिल किया जाएगा।


उल्लेखनीय है कि भारत सहित विश्व के 172 देशों में योग दिवस मनाए जाने की संभावना है। योग दिवस की तैयारी को लेकर भाजपा की बैठक बुधवार को प्रदेश कार्यालय में हुई। इसमें शिमला में आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त के अलावा बैठक में पतंजलि योगपीठ के प्रतिनिधि लक्ष्मी दत्त शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सूद, प्रदेश उपाध्यक्ष रूपा शर्मा आदि मौजूद थे।

Ekta