Watch Video: संगठन पर गर्म वीरभद्र बोले-उनकी बंद कमरे में खिचड़ी

Monday, Feb 20, 2017 - 09:20 AM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तमनीरज): संगठन में अपनी पसंद के ओहदेदार न बनाए जाने पर एक बार फिर से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष और उनकी ओर से की जा रही नियुक्तियों की सार्वजनिक तौर पर खिल्ली उड़ाई है। रविवार को मंडी जिला के कंसा चौक में कांग्रेस संकल्प रैली में शुरूआत में ही मुख्यमंत्री ने संगठन पर तीखे तंज कसे।


रातों-रात जिला कांग्रेस के बनाए जा रहे हैं प्रधान
उन्होंने युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं अपने बेटे विक्रमादित्य को तो चुना हुआ अध्यक्ष कह कर संबोधित किया जबकि बगल में बैठे मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा का जब नाम लिया तो उन्हें मनोनीत अध्यक्ष बताया, साथ ही सुंदरनगर के जिला अध्यक्ष पवन ठाकुर के संबोधन में कहा कि अभी सुंदरनगर जिला बना ही नहीं है और अध्यक्ष रातों-रात बना दिए गए हैं जो हवा में ही हैं। पार्टी संगठन में हो रहे मनोनयन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में अब यह रिवाज हो गया है कि रातों-रात जिला कांग्रेस के प्रधान बनाए जा रहे हैं जो प्रजातंत्र के खिलाफ हैं। 


कांग्रेस अध्यक्ष कमरे में बैठकर ही पकाते रहते हैं खिचड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद पर ऐसे लोगों का मनोनयन कर दिया जा रहा है जिन्हें उनके पड़ोसी भी अच्छी तरह से नहीं जानते। बता दें कि मुख्यमंत्री के साथ प्रथम पंक्ति में बैठे ये दोनों अध्यक्ष कुछ महीने पहले ही बनाए गए हैं और दोनों ही स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह और प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थक हैं। अंत में जब पत्रकारों ने संगठन और सरकार के बीच तालमेल को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि मैं तो जनता के बीच जाकर संगठन व सरकार का काम करता हूं मगर कांग्रेस अध्यक्ष कमरे में बैठकर ही खिचड़ी पकाते रहते हैं।