मिड-डे मील में बच्चों को अंडे और फल देने के आदेश, कांगड़ा में हिमाचल-पंजाब खाद्य आयोग का सरप्राइज इंस्पैक्शन

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 11:42 AM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): हिमाचल प्रदेश में राशन और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए हिमाचल खाद्य आयोग के अध्यक्ष एसपी कटियाल और पंजाब खाद्य आयोग के अध्यक्ष बालमुकुंद शर्मा ने शुक्रवार को कांगड़ा जिला में एक संयुक्त औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर गोदामों से लेकर स्कूलों तक की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। दोनों अध्यक्षों ने सबसे पहले हिमाचल प्रदेश आपूर्ति निगम के चैतड़ू स्थित थोक गोदाम का निरीक्षण किया और वहां भंडारण किए गए सामान की जांच की। इसके बाद, उन्होंने इच्छी, सदरपुर और ठानपुरी में सिविल सप्लाई विभाग द्वारा चलाए जा रहे राशन डिपुओं का भी दौरा किया और वितरण व्यवस्था की पड़ताल की।

निरीक्षण के दौरान मिड-डे मील और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। एसपी कटियाल और बालमुकुंद शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार मिले, इसके लिए उन्होंने मिड-डे मील में फ्रूट और अंडे शामिल करने के स्पष्ट आदेश दिए। निरीक्षण के बाद दोनों अध्यक्षों ने सीएसआईआर पालमपुर का भी दौरा किया, जहां उन्होंने खाद्य पदार्थों पर हो रहे शोध कार्यक्रम की जानकारी ली। उन्होंने वैज्ञानिकों को निर्देशित किया कि वे ऐसे खाद्य उत्पादों पर शोध करें जो अधिक पोषक हों, ताकि इसका सीधा लाभ आम जनता और समाज को मिल सके।

इस औचक निरीक्षण के दौरान फूड सप्लाई ऑफिसर सुरेश ठाकुर, इंस्पैक्टर तरुण, इंस्पैक्टर रणबीर और डीएफसी कांगड़ा पुरुषोत्तम विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोग के अध्यक्षों की इस सक्रियता ने विभाग में हड़कंप मचा दिया है और भविष्य में भी ऐसी जांचों के संकेत दिए हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News