अनुबंध कर्मचारियों को 2 साल में नियमित करने के आदेश जारी

punjabkesari.in Tuesday, Dec 28, 2021 - 11:35 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): राज्य सरकार ने अनुबंध कर्मचारियों को 3 की बजाए 2 साल बाद नियमित करने संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। इससे हजारों कर्मचारी 30 सितम्बर, 2021 से नियमित हो सकेंगे। इसी तरह डेलीवेज वर्कर व कंटीजैंट पेड वर्कर अब 5 साल की बजाए 4 साल में 30 सितम्बर, 2021 से नियमित हो सकेंगे। दैनिक वेतन भोगी व अंशकालीन कर्मचारी भी अब 8 की बजाए 7 साल की अवधि के बाद 30 सितम्बर, 2021 से दैनिक वेतनभोगी बन पाएंगे। कार्मिक विभाग की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। सभी प्रशासनिक सचिवों, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों एवं उपायुक्तों को इन आदेशों पर अमल करने की हिदायत दी गई है। इन आदेशों के तहत अनुबंध कर्मचारी का नियमितीकरण पद खाली होने और वरीयता सूची के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों को स्क्रीनिंग कमेटी गठित करने के आदेश दिए गए हैं ताकि कर्मचारी नियमित हो सकें।

डेलीवेज वर्कर व कंटीजैंट पेड वर्कर 4 साल बाद होंगे नियमित

सरकारी आदेशों के अनुसार डेलीवेज वर्कर व कंटीजैंट पेड वर्कर उसी स्थिति में 4 साल बाद नियमित हो सकेंगे, जब उन्होंने कैलेंडर वर्ष में कम से कम 240 दिन सेवाएं दी हों। इसके लिए कोई नया पद सृजित नहीं किया जाएगा। इसके अलावा दैनिक वेतन भोगी और अंशकालीन कर्मचारियों को भी 7 साल बाद दैनिक वेतनभोगी उसी स्थिति में बनाया जाएगा, जब उन्होंने सरकार की तरफ से तय औपचारिकताओं को पूरा किया हो। वहीं हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अश्विनी ठाकुर ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों का मान रखा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जेसीसी बैठक में लिए गए निर्णयों पर चरणबद्ध तरीके से अमल करना शुरू कर दिया है। उन्होंने इसलिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया।

पीसमील कर्मियों को अनुबंध पर लाने की अधिसूचना जारी

उधर, एचआरटीसी में कार्यरत पीसमील कर्मचारियों को अनुबंध पर लाने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है, ऐसे में नए साल में कर्मचारियों को अनुबंध पर लाए जाने के लिए ऑफिस ऑर्डर हो सकते हैं। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के तहत एचआरटीसी के पीसमील कर्मचारी जो वर्ष 2018 से जॉब रेट के आधार पर रिपेयर, मैंटीनैंस, वॉशिंग और क्लीनिंग का काम देख रहे हैं। उन कर्मचारियों को एचआरटीसी की बोर्ड ऑफ डायरैक्टर (बीओडी) की बैठक के फैसले के अनुसार अनुबंध पर लाया जाएगा। एचआरटीसी के पास मौजूदा समय में 663 पद खाली हैं। ऐसे में योग्य 755 कर्मचारियों में से 663 कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से अनुबंध पर लाने के आदेश जारी किए गए हैं। 31 मार्च 2022 तक एचआरटीसी में 161 पद खाली हो रहे हैं। ऐसे में योग्य कर्मचारियों में से बचे 92 कर्मचारियों सहित 69 अन्य कर्मचारी जो 31 मार्च 2022 तक योग्यताएं पूरी कर लेंगे उन्हें अनुबंध पर लाया जाएगा। बाकी बचे कर्मचारियों को पद खाली होने पर 30 सितम्बर 2022 तक अनुबंध पर लाया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News