हिमाचल में रिवाज नहीं बदलेगा बल्कि तख्त व ताज बदलेगा : मुकेश अग्निहोत्री

Thursday, Oct 13, 2022 - 08:21 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल में रिवाज नहीं बदलेगा बल्कि तख्त व ताज बदलेगा। कांग्रेस पार्टी मजबूत सरकार देगी। यहां जारी प्रैस बयान में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार वैंटीलेटर पर है। प्रधानमंत्री साढ़े 4 वर्षों तक तो हिमाचल से दूर रहे और अब चुनावों के समय में केवल शिलान्यास व उद्घाटन करने का काम कर रहे हैं। हिमाचल में केवल जुमले छोड़ने का काम करते हुए वैंटीलेटर पर पड़ी सरकार को ऑक्सीजन देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब कोई ऑक्सीजन काम नहीं करेगी। हिमाचल प्रदेश की जनता ने हिमाचल हित में यह तय कर लिया है कि प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ जनता के आशीर्वाद से सत्ता में आकर जनता के लिए काम करेगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कर्मचारी, बेरोजगार, युवा व महिला हर वर्ग से किया गया वायदा पूरा किया जाएगा। कांग्रेस सत्ता में आते ही ओपीएस को बहाल करेगी। 1500 रुपए महिलाओं के खाते में डाले जाएंगे व 300 यूनिट बिजली फ्री की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों या अन्य के ऊपर जो भी राजनीतिक आधार पर मुकद्दमे दर्ज किए गए हैं, वे रद्द किए जाएंगे। 

गलतफहमी में हैं मुख्यमंत्री, विपक्ष को प्रधानमंत्री की सभाओं से कोई परेशानी नहीं
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अब तक 5 वर्ष हिमाचल प्रदेश की बागडोर अकुशल ड्राइवर के हाथों में रही है, जिससे स्टेयरिंग चला नहीं है। अब जनता और नुक्सान नहीं करवा सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गलतफहमी में हैं। विपक्ष को प्रधानमंत्री की सभाओं से कोई परेशानी नहीं है। सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर ऐसी जनसभाएं की जा रही हैं। प्रधानमंत्री की रैली के लिए हिमाचल प्रदेश के अन्य जिलों से बसें बुलाई गईं और हालत यह रही कि 2 से 5 लोग ही बसों में आए। कई बसें तो खाली रहीं। उन्होंने कहा कि मनरेगा की लेबर व आंगनबाड़ी वर्कर इन सबको रैलियों के लिए लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकारी मशीनरी लाभदायक भाजपा के लिए नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा असफल रहा है। इससे पहले मंडी में भी भीड़ नहीं जुटी थी, इसीलिए प्रधानमंत्री आए ही नहीं। उन्होंने कहा कि आम जनता ने प्रधानमंत्री के दौरे से दूरी बनाकर रखी।

प्रदेश व देश का विकास कांग्रेस पार्टी की देन
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश की मूलभूत समस्याओं से ध्यान लगातार हटाते रहे हैं और कभी भी हिमाचल प्रदेश के कर्ज को लेकर, बेरोजगारी, महंगाई, पैट्रोल व डीजल के बढ़ते दामों पर बात नहीं की। केंद्र सरकार द्वारा दिए गए चुनावी राष्ट्रीय राजमार्ग के वायदे पर बात नहीं की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व वास्तव में ऐसा सोच रहा है कि हिमाचल प्रदेश का विकास ही नहीं बल्कि देश का विकास उनके आने से ही हुआ है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश व देश का विकास कांग्रेस पार्टी की देन है। हिमाचल प्रदेश का अस्तित्व ही कांग्रेस पार्टी के कारण है। हिमाचल प्रदेश के आधुनिक विकास के निर्माता वीरभद्र सिंह हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay