कांग्रेस ने मेरा फोन टैप करने के बाद भाजपा विधायकों के फोन सर्विलांस पर लगाए : जयराम

Saturday, Feb 03, 2024 - 07:26 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ): पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर भाजपा विधायकों के फोन सर्विलांस पर लगवाने का गम्भीर आरोप लगाया। जयराम ठाकुर धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में अपना सम्बोधन दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मेरा फोन तो पहले से टैप हो रहा है अब पार्टी विधायकों के फोन भी टैप करने के आदेश पुलिस अफसरों को दिए गए हैं। उन्होंने अफसरों को एक बार फिर नसीहत देते हुए कहा कि वे सोच-समझ कर काम करें व कांग्रेस सरकार के साथ अपना भविष्य न जोड़ें, जिसका खुद कोई भविष्य नहीं है। 

सुख की सरकार में कोई भी सुखी नहीं
जयराम ठाकुर ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद हिमाचल में भी कांग्रेस के लोग अपनी सरकार के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने तंज कसा कि सुख की इस सरकार में मंत्रियों, विधायकों से लेकर आम आदमी कोई भी सुखी नहीं है। मुख्यमंत्री को अपने मंत्रियों-विधायकों पर ही विश्वास नहीं है। राजेन्द्र राणा का नाम लिए बिना जयराम ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर रोजगार की गारंटी पूरा न करने पर सवाल उठा रहे हैं।

सीएम को संस्थान बंद करने में आता है मजा 
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू को पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू संस्थान व योजनाओं को बन्द करने में मजा आता है। हिमकेयर व सहारा योजना को अधर में लटका कांग्रेस सरकार लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है। सरकार कर्मचारियों को महंगाई भत्ते व एरियर नहीं दे पा रही है। कर्ज लेने में सरकार ने रिकॉर्डतोड़ दिया है लेकिन कर्ज का पैसा कहां खर्च हो रहा, इसका कोई पता नहीं है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay