नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लगाया आरोप, बोले-कांग्रेस ने 55 वर्ष हाटी मुद्दे पर की राजनीति

Tuesday, Dec 26, 2023 - 11:41 PM (IST)

पांवटा साहिब/सोलन (संजय/नरेश): कांग्रेस ने 55 साल हाटी मुद्दे पर राजनीति की है। अब युवाओं के भविष्य का सवाल है। इसलिए अब तो राजनीति को बंद करना चाहिए। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पांवटा साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। वह मंगलवार को उत्तराखंड से पांवटा साहिब में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर के निवास स्थान पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय की 55 साल पुरानी मांग को केंद्र सरकार ने पूरी किया है। केंद्र सरकार ने हाटी समुदाय को बिल पारित कर जनजातीय दर्जा दिया है। केंद्र सरकार ने हाटी कानून बिल को प्रदेश सरकार को भेजा है। लेकिन अभी तक प्रदेश सरकार ने लागू नहीं किया है। इसमें स्पष्टीकरण लेने की कोई आवश्यकता नहीं थी। फिर भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस विषय में बात की गई है। 

लोगों को आपस में लड़ाने का किया जा रहा काम 
जयराम ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा इस विषय पर राजनीति की है। जब केंद्र सरकार ने हाटी समुदाय की दशकों पुरानी मांग को पूरा किया उसके बाद लोगों को आपस में लड़ाने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं विधायक सुखराम चौधरी, पूर्व विधायक बलदेव तोमर आदि भी मौजूद थे। इसके बाद जयराम ठाकुर ने सराहां में कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झूठी गारंटियों के नाम पर सत्ता में काबिज हुई कांग्रेस सरकार का अब तक का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। 

भाजपा नहीं, कांग्रेसी कर रहे ऑप्रेशन लोटस पर चर्चा
सोलन में पत्रकारों से बातचीत में जयराम ने कहा कि ऑप्रेशन लोटस पर भाजपा नहीं बल्कि कांग्रेस के लोग चर्चा कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के जो हालात प्रदेश के अंदर बने हैं। उसमें अपने आप ही कुछ होता दिख रहा है। उन्होंने  हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के उस निर्णय की आलोचना की है कि हुड़दंग मचाने पर पुलिस पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं बल्कि होटल तक छोड़े। पर्यटकों का हिमाचल में स्वागत है लेकिन हुड़दंग करने पर कार्रवाई होनी चाहिए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay