बजट से कांगड़ा में खुलेंगे रोजगार के द्वार

Sunday, Feb 10, 2019 - 12:20 PM (IST)

धर्मशाला : लोकसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा पेश किए गए दूसरे बजट में जिला कांगड़ा के लिए कई सौगातें मिली हैं। इससे जिला कांगड़ा में रोजगार के द्वार खुलेंगे। इसमें जिला कांगड़ा में प्रस्तावित आई.टी. पार्क, कंदरोड़ी में मेगा फूड पार्क, चनौर में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने व नूरपुर में युद्ध स्मारक का निर्माण होगा। पौंग क्षेत्र विकास बोर्ड की स्थापना की जाएगी। यह बोर्ड पौंग क्षेत्र के समुचित एवं सुनियोजित विकास बारे नीति एवं कार्यक्रम निर्धारित करेगा। इससे क्षेत्र का पर्यटन, कला व रोजगार सृजन की दृष्टि से विकास संभव होगा। इसके साथ ही रक्कड़ में राजकीय फार्मेसी महाविद्यालय में कक्षाएं शुरू की जाएंगी।

नूरपुर में युद्ध स्मारक की घोषणा फौजी परिवारों को तोहफा

 

विधायक राकेश पठानिया ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा पेश वार्षिक बजट का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नूरपुर में जिला स्तरीय युद्ध स्मारक बनाने की घोषणा की है जोकि उपमंडल के फौजी परिवारों के लिए सरकार का एक तोहफा है। उन्होंने कहा कि युद्ध स्मारक धर्मशाला में बने स्मारक के तर्ज पर नूरपुर शहर के एन.पी.एस. स्कूल के साथ बनाया जाएगा जिसके लिए 35 कनाल जगह चयनित की गई है। पठानिया ने कहा कि युद्ध स्मारक में आधुनिक पार्क, म्यूजिकल फाऊंटेन आदि का भी निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि नूरपुर क्षेत्र में बन रही फिन्ना सिंह नहर परियोजना के लिए 80 करोड़ रुपए का बजट घोषित किया गया है तथा जसूर में अति आधुनिक चालक प्रशिक्षण केंद्र तथा नूरपुर में फोरैंसिक लैब खोलने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि बजट में नूरपुर क्षेत्र का मुख्यमंत्री ने पूरा ध्यान रखा है।

प्रताप पौंग झील पर्यटन की दृष्टि से होगी विकसित

 

ज्वाली के विधायक अर्जुन ठाकुर ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पौंग विकास बोर्ड के गठन का ऐलान करने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस बोर्ड का गठन होने से कांगड़ा जिले की महाराणा प्रताप पौंग झील को विश्व के मानचित्र पर पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए अहम भूमिका निभाएगा।

 

kirti