आनी-बंजार में अफीम की खेती का पर्दाफाश, 7 के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2020 - 08:52 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप/शम्भू): बंजार और आनी पुलिस की 7 टीमों ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर खेतों में बीजी गई अफीम की पौध बरामद की है। सभी मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं तथा अफीम की पौध को भी पुलिस ने नष्ट कर दिया है। सैंपल के तौर पर पुलिस ने कुछ पौधे अपने पास सुरक्षित रखे हैं, जिन्हें चालान के साथ न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार बंजार क्षेत्र में 4 व आनी में 3 मुकद्दमे दर्ज कर कुल 6548 अफीम के पौधों को नष्ट किया गया।

जानकारी के अनुसार आनी के कुटल में मंगत राम के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। जिस खेत में उसने अफीम की खेती की थी उस खेत की लंबाई 36 फुट और चौड़ाई 9 फुट पाई गई और गिनती करने पर खेत में कुल 2000 पौधे पाए गए। दूसरे मामले में गांव पोखरी में मोहर सिंह के खिलाफ केस दर्ज हुआ। इसने 428 अफीम के पौधे लगाए थे, वहीं लुहरी चौकी में गीता देवी के खिलाफ अपनी मिलकीयत भूमि में अफीम के 295 पौधे लगाने पर केस दर्ज किया गया। इसी प्रकार बंजार के गदेहड़ में पुलिस ने अफीम के 1100 पौधे बरामद किए। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज हुआ।

तलिंगा में अफीम के एक खेत में 550 पौधे और दूसरे खेत में 1550, तीसरे में 625 पौधे मिले। इन तीनों मामलों में भी अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस अज्ञात लोगों के विरुद्ध दर्ज मामलों में राजस्व विभाग की मदद लेगी और इस बात का पता लगाया जाएगा कि संबंधित खेत किसके हैं और इनका मालिकाना हक किसके पास है। कुल्लू के एसपी गौरव सिंह ने कहा कि नशा कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बरामद अफीम की खेती को जलाकर नष्ट कर दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News