ओ.पी.डी. के बाहर फर्श पर बैठकर करते रहे चिकित्सकों का इंतजार

punjabkesari.in Thursday, Feb 17, 2022 - 04:40 PM (IST)

चम्बा (काकू): चिकित्सकों की हड़ताल लगातार जारी है। यह हड़ताल आठवें दिन में प्रवेश कर गई है। हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे मरीजों को काफी मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। विशेषकर महिलाओं व बुजुर्गों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि सरकार ने शुक्रवार को हिमाचल मैडीकल ऑफिसर्ज एसोसिएशन (एच.एम.ओ.ए) को वार्ता के लिए बुलाया है। इसके बाद चिकित्सकों की हड़ताल खत्म होने की संभावना है, लेकिन वीरवार को भी मैडीकल कालेज एवं अस्पताल चम्बा में मरीजों समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाईं। मरीज सुबह ही इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गए थे और पर्ची पंजीकरण काउंटर के बाहर पर्ची बनाने के लिए कतार में खड़े हो गए। यहां घंटों लाइन में खड़े होकर पहले पर्ची बनाई। इसके बाद ओ.पी.डी. का रूख किया, लेकिन ओ.पी.डी. में कोई चिकित्सक नहीं था और सभी ओ.पी.डी. खाली पड़ी हुई थी। इसके चलते मरीज ओ.पी.डी. के बाहर चिकित्सकों के आने का इंतजार करते रहे।

कई मरीज ज्यादा समय पर खड़े रहने में असमर्थ थे। इसके चलते वह ओ.पी.डी. के बाहर फर्श पर ही बैठ गए। साढ़े 11 बजे के बाद चिकित्सक ओ.पी.डी. में पहुंचे, लेकिन तब तक कुछ ओ.पी.डी. के बाहर लम्बी लाइन लग चुकी थी। कई ओ.पी.डी. के बाहर एक के बजाय दो-दो लाइन लग गई। विशेषकर गायनी ओ.पी.डी. के बाहर मरीजों की काफी भीड़ रही। यहां पर पैर रखने के लिए जगह नहीं बची थी। इसके अलावा एम.डी. ओ.पी.डी. के बाहर फर्श पर बैठ कर मरीज चिकित्सक का इंतजार करते रहे। देरी से इलाज शुरू होने के कारण कई मरीजों की शाम तक बारी नहीं आ पाई। इस कारण मरीजों को निजी अस्पतालों का रूख करना पड़ा। कई मरीज बिना इलाज के लिए वापस लौट गए। इससे उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित होना पड़ा। जिले की लगभग छह लाख आबादी एकमात्र मैडीकल कालेज एवं अस्पताल चम्बा पर ही निर्भर है। हर रोज सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन समय पर इलाज न मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।

हालांकि जिला भर में आपातकालीन सेवाएं जारी रही। हिमाचल मैडीकल ऑफिसर्ज एसोसिएशन (एच.एम.ओ.ए) व मैडीकल कालेज फैकल्टी एसोसिएशन पिछले पांच दिनों से संयुक्त रूप से दो घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक पर हैं। यह हड़ताल प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर सुबह साढ़े 9 बजे से लेकर साढ़े 11 बजे तक की गई। एच.एम.ओ.ए के जिला अध्यक्ष डा. दिलबाग ने कहा कि चिकित्सकों की हड़ताल लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि 18 फरवरी को सरकार ने वार्ता के लिए बुलाया है। अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kaku Chauhan

Recommended News

Related News