जंगल में गोली लगने से एक घायल, पी.जी.आई. रैफर

Friday, Jan 11, 2019 - 09:53 PM (IST)

बी.बी.एन.: थाना नालागढ़ के तहत गांव ओखू के जंगल में गोली लगने से एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया, जिसका पी.जी.आई. चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है। घायल व्यक्ति का कहना है कि उसको जंगल से गुजरते वक्त किसी शिकारी द्वारा चलाई गई गोली लग गई, वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस बंदूक से गोली चली है, यह बंदूक घायल व्यक्ति की ही है और घटनास्थल से बरामद हुई है। पुलिस को घटनास्थल से किसी जानवर का मांस भी मिला है।

दाईं टांग में लगी गोली

पुलिस के अनुसार यह मामला बासु देव के बयान पर दर्ज हुआ है कि वह ओखू मंदिर में माथा टेकने के बाद जंगल के रास्ते अपने घर घडय़ाच जा रहा था। जब वह ओखू गांव से आगे पहुंचा तो अचानक उसकी दाईं टांग में गोली लगी। उसके चिल्लाने पर जगतराम व बुध राम मौके पर पहुंचे तथा उसे घायल अवस्था में नालागढ़ अस्पताल में पहुंचाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया है।

पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घटनास्थल से एक बंदूक व जानवर का मांस भी मिला। पुलिस की प्रारम्भिक जांच में सामने आया है की हो सकता है कि गोली अचानक चली हो या फिर व्यक्ति के गिरने के दौरान चली हो। डी.एस.पी. नालागढ़ चमन लाल ने बताया कि पुलिस ने आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से जो बंदूक मिली है, ये बासु देव की लाइसैंसी बंदूक है और इसी से गोली चली है।

Vijay