समीरपुर में एक दर्जन लोग BJP में शामिल, चुनाव लड़ने की मांग पर जानिए क्या बोले Dhumal

Wednesday, Jun 30, 2021 - 05:43 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के निवास स्थान समीरपुर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। इस कड़ी में गत रात को ग्राम पंचायत भेरड़ा के करीब एक दर्जन परिवार पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मिलकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। ये सभी परिवार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र ठाकुर व मीडिया प्रभारी की अध्यक्षता में भाजपा में शामिल हुए।

शमिल हुए लोगों ने अपने मन से भारतीय जनता पार्टी का दामन थामते हुए अपने हाथों से ही अपने गले में पटके डाले और पूर्व मुख्यमंत्री से आगामी विधानसभा चुनाव लडऩे की मांग की। शामिल हुए परिवारों की महिलाओं ने पूर्व मुख्यमंत्री से कहा कि अपना व्यक्ति खोने का दर्द क्या होता है यह वर्तमान में पता चल रहा है। बीते 4 वर्षों से उनके क्षेत्र में कुछ नहीं हुआ। वह कांग्रेस पार्टी को अपना वोट देकर पछता रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी में विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल में विश्वास करते हुए पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि लोगों की भावनाओं को रोका नहीं जा सकता है तथा लोग चुनाव लडऩे के लिए कह रहे हैं। अगर लोग कह रहे हैं तो समय आने पर इस बात पर भी गौर किया जाएगा तथा लोगों की मांग पर चुनाव लड़ूंगा और उनके आशीर्वाद से चुनाव जीता भी जाएगा।

Content Writer

Vijay