TMC में स्वाइन फ्लू से एक की मौत, IGMC में सामने आए 6 नए मामले

Tuesday, Feb 19, 2019 - 08:01 PM (IST)

कांगड़ा/शिमला: डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा में स्वाइन फ्लू से मरने वालों का आंकड़ा एक दर्जन हो गया है। इस बात की जानकारी देते हुए मैडीकल अधीक्षक डा. सुरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि एक रोगी जोकि 16 फ रवरी को ऊना से रैफ र होकर गंभीर अवस्था में आया था, उसकी गत रात्रि मौत हो गई। उन्होंने बताया कि अब तक 79 रोगी पॉजीटिव पाए गए, जिनमें से 12 की मौत हो गई। 65 रोगी स्वास्थ्य लाभ लेकर अपने घर चले गए हैं और 2 टांडा में उपचाराधीन हैं।

आई.जी.एम.सी. में स्वाइन फ्लू के 6 मामले पॉजीटिव

उधर, आई.जी.एम.सी. शिमला में स्वाइन फ्लू के 6 पॉजीटिव मामले सामने आए हैं। उक्त मरीज आई.जी.एम.सी. में अपना उपचार करवाने आए थे। चिकित्सक ने जब इन मरीजों के टैस्ट करवाए तो मामले पॉजीटिव पाए गए। मरीजों में सोलन की रहने वाली 26 वर्षीय महिला, रोहड़ू से 4 साल का बच्चा, चौपाल से 1 साल का बच्चा, सोलन से 65 वर्षीय महिला, कांगड़ा से 33 वर्षीय महिला, करसोग मंडी से 90 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। चिकित्सकों ने इनका उपचार करना शुरू कर दिया है। आई.जी.एम.सी. में स्वाइन फ्लू से 11 मौतें हो चुकी हैं जबकि 100 से अधिक मामले स्वाइन फ्लू के पॉजीटिव आए हैं। स्वाइन फ्लू से रही मौतों से लोगों मे हड़कंप मच गया।

हिमाचल में अब तक 28 लोगों की गई जान

प्रदेश की अगर बात की जाए तो 28 के करीब लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 200 से अधिक मामले पॉजीटिव आए हैं। प्रदेश भर में 800 के करीब मरीजों के टैस्ट किए जा चुके हैं। स्वाइन फ्लू फैलने पर चिकित्सकों द्वारा लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हंै। डाक्टर द्वारा लोगों को सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं कि लक्षण दिखते ही तुरंत अस्पताल आएं। अगर मामले की रफ्तार यही रही तो स्वाइन फ्लू की चपेट में कई और लोग आ सकते हैं।

 

Vijay