परवाणु में 7.8 फुट लंबी तेंदुए की खाल के साथ एक गिरफ्तार

Wednesday, Jun 16, 2021 - 05:10 PM (IST)

परवाणु (राजीव): पुलिस थाना परवाणु के तहत पुलिस ने एक व्यक्ति से तेंदुए की खाल बरामद की है। पुलिस ने यह कारवाई वन विभाग के अधिकारियों के साथ मिल कर की है। बरामद की गई खाल की लंबाई करीब 7.8 फुट जबकि चौड़ाई करीब 4 फुट मापी गई है। इसके अलावा मौके पर खाल के सिवा नाखून व अन्य अंग नहीं मिले हैं। इस बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी खाल को बेचने के लिए परवाणु-खड़ीन सड़क मार्ग से शहर आ रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने कामली रोड में फ्लाईओवर के नीचे उसे दबोच लिया। अभी यह पता नहीं चल सका है कि व्यक्ति यह खाल किसे और कितनी कीमत में बेचने के लिए शहर आ रहा था।

जानकारी के अनुसार पुलिस थाना परवाणु के प्रभारी दया राम ठाकुर पुलिस टीम के साथ गश्त पर टीटीआर चौक पर मौजूद थे। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति गांव खडीण की तरफ पैदल आ रहा है। वह एक तेंदुए की खाल को बेचने के लिए परवाणु आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने वन खंड अधिकारी परवाणु प्रदीप कुमार को मौके पर वन रक्षक सहित आने के लिए सूचित किया। इसके बाद शाम के समय एक व्यक्ति पैदल कामली रोड से परवाणु की ओर आता दिखाई दिया, जिसकी पीठ पर बैग था।

जब उसे रोका तो उसने अपना नाम राजेंद्र कुमार पुत्र हरी सिंह निवासी गांव खडीण डाकघर नयाग्राम तहसील कसौली बताया। इसके बाद बैग को चैक किया तो उसमें एक तेंदुए की खाल बरामद हुई। खाल के जबड़े के पास दाहिनी तरफ नाक, कान व आंख के छेद के अतिरिक्त एक अन्य छेद भी था। बरामद खाल की मौके पर वन खंड अधिकारी द्वारा तेंदुए की खाल के रूप में पुष्टि की। एसएचओ पुलिस थाना परवाणु दया राम ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

Content Writer

Vijay