बड़ी सफलता : नाकाबंदी पर चरस की खेप के साथ एक गिरफ्तार

Sunday, Jun 28, 2020 - 06:25 PM (IST)

चम्बा (ब्यूरो): मादक द्रव्यों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत चम्बा पुलिस को शनिवार को दूसरे दिन भी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को एक व्यक्ति 214 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान गोविंद कुमार पुत्र रघु निवासी करमड़ी, डाकघर नकरोड़, तहसील चुराह, जिला चम्बा के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार विशेष अन्वेषण इकाई ने मुख्य आरक्षी संजय कुमार के नेतृत्व में शाम लगभग सवा 5 बजे पठानी मोड़ पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान उक्त व्यक्ति देहरोग की तरफ से पैदल आ रहा था।

जब उसे रोककर उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 214 ग्राम चरस बरामद हुई। उपरोक्त व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना तीसा में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 20 के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया है। एसपी डॉ. मोनिका ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।  बता दें कि बीते शुक्रवार को भी विशेष अन्वेषण इकाई ने 402 ग्राम चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।

Vijay