हैलीकॉप्टर न आने से एक बार फिर निराश हुए पांगीवासी

Thursday, Apr 11, 2019 - 12:18 PM (IST)

चम्बा : लोकसभा चुनावों में इस बार मंडी संसदीय क्षेत्र के दायरे में आने वाले जिला चम्बा के उपमंडल पांगी को अब की सॢदयों के दिनों में हुई कम हवाई उड़ानों का मामला गर्माया हुआ है। सत्ताधारी दल जहां मौसम को इसके लिए जिम्मेदार बता रहा है तो विपक्ष इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष को घेरने की फिराक में है। इस स्थिति के बीच बुधवार को एक बार फिर पांगी वासियों को हैलीपैड पर घंटे इंतजार के बाद निराश होकर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। वजह यह रही कि चम्बा-पांगी के बीच बुधवार को हवाई उड़ान होनी थी।

इस बारे जानकारी मिलने पर बुधवार की सुबह जिला मुख्यालय में मौजूद हैलीपैड पर पांगी जाने वाले यात्री पहुंच गए, लेकिन घंटों इंतजार के बाद जब हैलीकॉप्टर नहीं आया तो यात्रियों ने अपने स्तर पर इस हवाई उड़ान के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए संपर्क साधे। इस पर उन्हें यह जानकारी मिली कि चम्बा-पांगी के बीच जो हवाई उड़ान आज आयोजित होनी थी, वह किन्हीं अपरिहार्य कारणों के चलते रद्द हो गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद चम्बा हैलीपैड पर घंटों इंतजार करने के बाद यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ा।



 

kirti