वन वृत्त सुंदरी में एक बार फिर से देवदार के पेड़ काटे

Sunday, Sep 16, 2018 - 11:42 AM (IST)

चम्बा : वन मंडल चम्बा के दायरे में आने वाले वन वृत्त सुंदरी में एक बार फिर से देवदार के एक हरे पेड़ पर कुल्हाड़ी चली है। हैरानी की बात है कि देवदार के पेड़ को काटने वालों का वन विभाग को कोई अता-पता नहीं है तो साथ ही वन काटू आधे से ज्यादा लकड़ी पर हाथ साफ करने में भी सफल हो गए हैं। इस पूरे मामले में सबसे  चिंताजनक बात यह है कि वन काटू जंगल में आराम से पेड़ काट कर उसे नग की शक्ल देने के साथ कुछ नगों को अपने साथ ले जाने में सफल हो गए और वन विभाग को इस बारे में कानोंकान तक खबर नहीं लगी।

शनिवार को जब वन विभाग के उक्त वन बीट के चौकीदार जंगल की गश्त कर रहे थे तो उन्होंने इस अवैध कटान को देखा। इन वन कर्मियों ने मौके से देवदार के 8 नग भी बरामद किए हैं। इस घटना के बारे में पता चलने पर अब वन विभाग इस अवैध कार्य को अंजाम देने वालों का पता लगाने में जुटने की बात कहने लगा है तो वहीं इस मामले को अब वन विभाग पुलिस में दर्ज करवाने जा रहा है। गौरतलब है कि वन मंडल चम्बा के दायरे में आने वाली वन बीट सुंदरी के इस सैणी जंगल में पहले भी कई बार अवैध कटान के मामले सामने आ चुके हैं। 
 

kirti