रोहतांग बहाली के पहले दिन 500 वाहनों ने आर-पार किया दर्रा

Saturday, Apr 14, 2018 - 10:51 PM (IST)

मनाली: कुल्लू को लाहौल से जोडऩे वाले रोहतांग दर्रे में वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। बी.आर.ओ. द्वारा रोहतांग दर्रे को बहाल करने के बाद पहले दिन 500 वाहनों ने दर्रे को आर-पार किया। मनाली की ओर से 300 जबकि लाहौल की ओर से 200 वाहनों ने दर्रे को पार किया है। मंगलवार को बर्फबारी हो जाने के बाद रोहतांग दर्रा वाहनों के लिए बंद हो गया था, जिस कारण हजारों लोग रोहतांग के आर-पार फंस गए थे। दर्रे के बंद हो जाने से लाहौल के लोगों की दिक्कतें बढ़ गई थीं लेकिन अब सभी ने राहत की सांस ली है। ताजा बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रा बर्फ  से लकदक हो गया है। 


गुलाबा से आगे जा पाएंगे लाहौल जाने वाले वाहन
एस.डी.एम. मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि लाहौल की ओर जाने वाले वाहनों को ही गुलाबा से आगे जाने की अनुमति दी गई है। रोहतांग दर्रे में बर्फ  को देखते हुए वाहन चालक सुरक्षित ढंग से वाहनों को दर्रे के आर-पार करें ताकि सुरक्षा बनी रहे। बी.आर.ओ. द्वारा सड़क को बहाल कर देने से दोनों ओर से वाहनों को भेजा जा रहा है। पर्यटकों से आग्रह है कि वे गुलाबा से आगे न जाएं। प्रशासन रोहतांग बहाली को लेकर भी रणनीति बना रहा है। कुछ ही दिनों में दर्रे में सभी आधारभूत सुविधाएं स्थापित करते ही सैलानियों को गुलाबा से आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।

Vijay