दीवाली के जश्न पर आसमान से घर की छत पर गिरी ऐसी चीज, दहशत में लोग (Video)

Thursday, Nov 08, 2018 - 10:21 AM (IST)

नाहन (सतीश): दीवाली की शाम नाहन में आसमान से गिरी करीब अढ़ाई किलो की बंबनुमा अज्ञात वस्तु से लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह क्या चीज है, लिहाजा पुलिस ने इसे कब्जे में ले लिया है। जिसे जांच के लिए फोरेसिंक लैब में भेजा जा सकता है। उक्त अज्ञात वस्तु की तस्वीरों के आधार पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह सेना द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला कोई उपकरण हो सकता है। 

यह घटना शहर के अमरपुर मोहल्ले में दीवाली की शाम सवा 7 बजे के आसपास की बताई जा रही है। दीवाली मनाने के लिए मौके पर काफी संख्या में लोग उपस्थित थे। मगर गनीमत यह रही है कि ठोस लोहे से बनी यह वस्तु किसी के ऊपर नहीं गिरी। जानकारी के अनुसार इसके उत्पादन की तिथि 2008 अंकित है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। 

बताया जा रहा है कि आसमान से जब यह वस्तु दुर्गेश शर्मा के लैंटर पर गिरी तो वहां गड्डा भी हो गया, जिससे परिवार दहशत में आ गया। हालांकि इसमें किसी तरह का विस्फोट नहीं हुआ। वहीं गुन्नूघाट चैकी के प्रभारी पदम सिंह ने पूछे जाने पर मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आखिर ये क्या चीज है, अभी इसका पता नहीं चल पाया है। इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी तरह का विस्फोट नहीं हुआ। लोहे के ढक्कन का ऊपरी हिस्सा जरूर थोड़ा सा खुला हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़ी अधिक जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी। 
 

Ekta