अवैध संबंधों के चलते व्यक्ति को उतारा मौत के घाट, फैली सनसनी

Sunday, Mar 26, 2017 - 09:56 AM (IST)

कुल्लू: थाना भुंतर के अंतर्गत अप्पर मौहल गांव एक अधेड़ व्यक्ति का मर्डर हो गया है। पुलिस ने बिना देरी किए 3 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। मृतक की पहचान नामग्याल निवासी अप्पर मौहल के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों के अनुसार हत्या का कारण अवैध संबंध बताए जा रहे हैं और साजिश के तहत मर्डर किया गया है। परजिनों ने शक जाहिर करते हुए कहा कि जिस महिला के साथ मृतक के संबंध थे उस महिला ने एक अन्य व्यक्ति के सहयोग से उसकी हत्या की है। वहीं पुलिस इस मामले की बारीकी से छानबीन करने में जुट गई है।

रात को घर से निकले नामग्याल की सुबह मिली लाश
जानकारी के अनुसार उक्त घटना अप्पर मौहल में उस दौरान हुई जब घर से रात करीब 8 बजे नामग्याल बाहर गया लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह नामग्याल का बेटा पिता की तलाश में निकला तो रास्ते में उसका पिता मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलते ही ए.एस.आई. रामलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल पर देखा कि नामग्याल के सिर पर किसी हथियार से हमला किया गया है। मामला हत्या का था इसलिए ए.एस.पी. निश्चिन्त सिंह नेगी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन शुरू कर दी।

महिला व अन्य व्यक्ति हिरासत में
एस.पी. कुल्लू पदम चंद ने बताया कि पुलिस ने मृतक नामग्याल के बेटे सोमदेव के बयान के आधार पर एक महिला और अन्य व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सोमदेव ने पुलिस को बताया कि उसके पिता के एक महिला के साथ पिछले 2 वर्षों से अवैध संबंध थे और महिला ने साजिश के तहत उसके पिता की हत्या की है। पुलिस ने 2 लोगों के साथ एक अन्य व्यक्ति शेर सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।