अरे वाह! वोटर लिस्ट से पार्षद का ही नाम गायब

Friday, Apr 14, 2017 - 12:49 AM (IST)

शिमला: जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई वोटर लिस्ट से नगर निगम के मौजूदा पार्षद का ही नाम गायब है। निगम के चमियाणा वार्ड के पार्षद नरेंद्र ठाकुर का नाम वोटर लिस्ट से गायब है। इसके साथ ही उनके परिवार के किसी भी सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। पार्षद का कहना है कि चमियाणा वार्ड का डी-लिमिटेशन किया गया है, जिससे इस वार्ड के 2 वार्ड जिसमें शांति विहार व भट्टाकुफर हैं, जिन्हें वार्ड बनाया गया है। प्रशासन द्वारा जो मतदाता सूची जारी की गई है, उसमेें उनका नाम व परिवार के किसी भी सदस्य का नाम नहीं है। 

एक वार्ड से दूसरे वार्ड में दर्शाए मतदाता
पार्षद का आरोप है कि प्रशासन द्वारा जो सूची जारी की गई है वह जनता की परेशानी को बढ़ा रही है। प्रशासन को जल्द वोटर लिस्ट की त्रुटियों में सुधार करना चाहिए। प्रशासन द्वारा जारी की गई मतदाता सूची ने आम जनता सहित पार्षदों की दिक्कतें भी बढ़ा दी हैं। हालांकि प्रशासन ने 21 अप्रैल तक मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए आपत्तियां मांगी हैं लेकिन हैरानी इस बात की है कि जो लिस्ट जारी की गई है, उसमें मतदाताओं को एक वार्ड से दूसरे वार्ड में दर्शाया गया है, जिससे आम जनता सहित चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की परेशानी बढ़ गई है।