बिरोजा फैक्टरी के 2 अधिकारी व 5 कर्मचारी चार्जशीट, जानिए क्या है मामला

Wednesday, Oct 31, 2018 - 10:56 PM (IST)

नाहन: बिरोजा फैक्टरी में वर्ष 2012 में स्किल्ड वर्कर्ज की हुई आऊटसोर्स भर्ती के मामले में अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा बरती गई अनियमितताओं को लेकर सरकार ने बिरोजा फैक्टरी में सेवाएं देने वाले 2 अधिकारियों समेत 5 अन्य कर्मचारियों को चार्जशीट करने के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार जांच में देरी होने के चलते 3 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वे भी सरकार की चार्जशीट में शामिल हैं।

वर्ष 2012 में शुरू हुई थी भर्ती प्रक्रिया
फैक्टरी प्रबंधन के सूत्रों के अनुसार वर्ष 2012 में आऊटसोर्स के जरिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई लेकिन आचार संहिता लगने के बाद भर्ती रद्द कर दी गई क्योंकि भर्ती प्रक्रिया में नियमों को ताक पर रखकर भर्ती करने के आरोप लगे थे। फिर वर्ष 2015 में प्रबंधन ने 22 अकुशल वर्कर रखे। अनियमितताएं सामने आने पर इन कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। मामला ट्रिब्यूनल तक भी पहुंचा था। लम्बी जांच के बाद वन निगम ने 2 अधिकारियों समेत 5 अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की।

घोटाला उजागर होने बाद शुरू हुई थी जांच
बिरोजा फैक्टरी नाहन के महाप्रबंधक परमिंद्र सिंह ने कहा कि भर्ती घोटाला उजागर होने के बाद सरकार ने जांच शुरू की थी। अब 2 अधिकारियों जिनमें पूर्व में तैनात फैक्टरी के महाप्रबंधक एवं फैक्टरी प्रबंधक को चार्जशीट किया गया है। इसके आदेश कार्यालय में पहुंचे हैं। इसके अलावा 5 अन्य कर्मियों पर कार्रवाई वन निगम के निदेशक स्तर पर हुई है।

Vijay