जंगल में सरकारी सीमैंट मिलने से मचा हड़कंप, सोशल मीडिया पर डाली जानकारी

Saturday, Feb 18, 2017 - 01:53 AM (IST)

ज्वाली: ग्राम पंचायत गोलवां के वार्ड नंबर 6 कोठी में कई बोरियां सरकारी सीमैंट खराब हालत में साथ लगते जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार यह सीमैंट किसी कार्य के लिए रखा गया था, परंतु समय पर काम न होने की वजह से उक्त सीमैंट खराब हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा सोशल मीडिया में उक्त खराब सीमैंट की जानकारी डाली भी गई है तथा बताया गया है कि उक्त सीमैंट जंगल में फैंका गया है। सोशल मीडिया पर डाली गई जानकारी के अनुसार यह सीमैंट स्थानीय पंचायत में सरकारी कार्य को करवाने के लिए विभाग द्वारा पंचायत को दिया गया था परंतु समय पर उस सीमैंट से कार्य न करने पर यह सीमैंट खराब हो गया तथा इसे जंगल में फैंक दिया गया। 

निष्पक्षता से होनी चाहिए सीमैंट की जांच
स्थानीय पंचायतवासियों का कहना है कि उक्त सीमैंट की जांच निष्पक्षता से होनी चाहिए। उधर, पंचायत प्रधान अनीता कुमारी ने बताया कि उन्हें उक्त सीमैंट के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पंचायत रिकार्ड में उनका सीमैंट पूरा है। उक्त सीमैंट किसी अन्य का हो सकता है। पंचायत सचिव कुलभूषण सिंह का कहना है कि उक्त सीमैंट उनकी पंचायत का नहीं है। वहीं विकास खंड अधिकारी सुषमा धीमान का कहना है कि उन्हें उक्त सीमैंट के फैंके जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। इस संदर्भ में जांच की जाएगी। इसके अलावा पुलिस थाना नूरपुर के डी.एस.पी. एम. चौहान ने बताया कि जंगल में सीमैंट पड़े होने की सूचना मिली है। इस संबंध में जानकारी जुटा कर ही कुछ कहा जा सकता है।