आसमानी बिजली गिरने से मकानों में आईं दरारें

Monday, Aug 26, 2019 - 03:57 PM (IST)

नूरपुर, (राकेश): नूरपुर ब्लाक की सुल्याली पंचायत के बासा, लुहारपुरा तथा बलारा गांव में कल रात तेज बारिश और आसमानी बिजली गिरने से बासा के केवल पुत्र करतार चंद, रिंकू पुत्र काकू राम, करतार चंद पुत्र भगत राम तथा बलारा के सोहन लाल पुत्र निकू राम के घर में नुक्सान हुआ है। बलारा के सोहन लाल ने बताया कि उनके घर पर आग का गोला गिरने जैसा दिखा और सुबह देखा तो सभी बिजली के उपकरण (वायररिंग, मीटर, एल.ई.डी., मोबाइल) जल गए थे तथा मकान में दरारें पड़ गई थीं। वहीं बासा के पीड़ित परिवारों ने बताया कि गत रात तेज बारिश में लगभग 2.40 पर एक जोरदार धमाका हुआ और तभी बिजली भी चली गई।इस दौरान कुछ जलने की बदबू आ रही थी तो यह पता चला कि उनका बिजली का मीटर जल गया है। वहीं बिजली गिरने से कच्चे व पक्के मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं।

पीड़ितों को दी जाएगी हरसंभव सहायता

पंचायत प्रधान कम्मी देवी को इस बारे सूचित किया गया और उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इस बारे बताया। पंचायत प्रधान कम्मी देवी ने बताया कि इस बारे नूरपुर एस.डी.एम. डा. सुरेंद्र ठाकुर तथा प्रशासन को जानकारी दे दी गई है। वहीं कानूनगो सुल्याली जोगिंद्र सिंह ने बताया कि सुल्याली प्रधान द्वारा इस बारे में जानकारी मिली है। मौके का जायजा करके प्रशासन को रिपोर्ट देकर पीड़ितों की हरसंभव मदद की जाएगी।

Kuldeep