"दोस्तों जीवा नाला में भयंकर फ्लड आया...साइड हो जाओ", नूरम सिंह के व्हाट्सएप संदेश ने बचाई सैंकड़ों जिंदगियां
punjabkesari.in Thursday, Jun 26, 2025 - 10:53 PM (IST)

सैंज (बुद्धि सिंह): 'दोस्तों जीवा नाला में भयंकर फ्लड आया। साइड हो जाओ... साइड हो जाओ...। सिग्नल की कमी से अधिक जानकारी नहीं दे पा रहा हूं।' यही वह एक ऑडियो मैसेज था जिसकी वजह से सैंज जीवा नाला में आई बाढ़ के दौरान सैंकड़ों जिंदगियां बच गईं। यह संदेश एनएचपीसी में कार्यरत स्थानीय युवक नूरम सिंह द्वारा अपलोड किया गया था। उन्होंने दुर्गम क्षेत्र मझान से यह संदेश एक व्हाट्स एप ग्रुप में भेजा तो लोगों ने इसे अपने-अपने रिश्तेदारों व अन्य ग्रुपों में सांझा किया। इसके चलते ही सैंज बाजार सहित नदी किनारों के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए। नदी किनारे बक्शाहल, त्रेडा, बिहाली, स्पॉन्गनी व तलाड़ा सहित अन्य गांवों के लोग जो उस समय खेतों में काम कर रहे थे, वे भी सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए। संदेश आने के ठीक 22 मिनट बाद जीवा नाला में आई भयंकर बाढ़ का पानी पिन पार्वती नदी में मिल गया और नदी ने रौद्र रूप धारण कर दिया। बाढ़ का पानी मकानों तथा खेतों में खड़ी फसलों को बहा ले गया।
नूरम सिंह ने बताया कि जिस क्षेत्र में वे खड़े थे, वहां भारी बारिश हो रही थी। नाले में अचानक जोर की आवाज के साथ भारी मात्रा में पानी चल पड़ा। मौसम खराब होने के चलते वहां मोबाइल नैटवर्क भी काम नहीं कर रहा था जिसके चलते बड़ी मुश्किल से मैसेज ग्रुप में सैंड कर पाए। नूरम सिंह की इस सूझबूझ को लेकर लोग उनकी प्रशंसा कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस बहादुरी के लिए लोग उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं। नूरम सिंह ने बताया कि वह जीवनभर वह पल कभी नहीं भूल पाएंगे। दिल में खुशी है कि उनके इस छोटे से संदेश ने सैंकड़ों लोगों की जान बचाने में योगदान दिया है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक