NSUI कार्यकर्त्ताओं ने किया था तेजधार हथियार से हमला

Saturday, Feb 25, 2017 - 02:16 PM (IST)

मंडी: राजकीय वल्लभ कॉलेज मंडी में ए.बी.वी.पी. व एन.एस.यू.आई. कार्यकर्त्ताओं में हुई झड़प के बाद ए.बी.वी.पी. कार्यकर्त्ताओं ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। इकाई सचिव संजय कपूर ने कहा कि वीरवार को एन.एस.यू.आई. के कुछ बाहरी तत्वों व कार्यकर्त्ताओं ने कॉलेज में लगाए गए ए.बी.वी.पी. के पोस्टर फाड़ डाले और ए.बी.वी.पी. कार्यकर्त्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया। 


एन.एस.यू.आई. कार्यकर्त्ताओं ने किया था तेजधार हथियार से हमला
ए.बी.वी.पी. इकाई अध्यक्ष मनोज पांडे ने जब एन.एस.यू.आई. कार्यकर्त्ताओं को ऐसा करने से रोकना चाहा तो उन्होंने तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे मनोज पांडे घायल हो गए हैं। इसके बाद ए.बी.वी.पी. कार्यकर्त्ता सदर पुलिस थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। अस्पताल में मैडीकल करवाने के बाद रिपोर्ट भी नहीं भेजी और मामले को दबाने का प्रयास किया। यही नहीं, उलटा ए.बी.वी.पी. कार्यकर्त्ताओं के खिलाफ  मामला दर्ज कर दिया।


ए.बी.वी.पी. कार्यकर्त्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज
उन्होंने कहा कि मीडिया को भी पुलिस ने गलत जानकारी दी है कि दोनों गुटों में समझौता हो गया है। उन्होंने पुलिस व प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गहनता से जांच की जाए और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। बता दें कि वीरवार को ए.बी.वी.पी. व एन.एस.यू.आई. में कॉलेज परिसर में झड़प हो गई। इस खूनी संघर्ष में दोनों गुटों के करीब 5 कार्यकर्त्ता घायल हुए हैं लेकिन पुलिस ने ए.बी.वी.पी. कार्यकर्त्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक प्रेम कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।