दहेज प्रताड़ना की शिकार बनी पूजा को अब ऐसे मिलेगा न्याय, जानने के लिए पढ़ें खबर

Monday, Mar 26, 2018 - 12:27 AM (IST)

परवाणु: शहर के साथ लगते गांव टकसाल की महिला को यू.पी. में दहेज के लिए प्रताडि़त करने के मामले में अब महिला आयोग न्याय दिलाएगी। इस संबंध में महिला आयोग की अध्यक्ष डा. डेजी ठाकुर ने यू.पी. के बदायूं जिला के एस.पी. व यू.पी. महिला आयोग को पत्र लिख कर अभी तक कार्रवाई न करने पर रिपोर्ट मांगी है, साथ ही इस मामले में कार्रवाई करने को भी कहा गया है।

पंजाब केसरी ने उठाया था मामला
यू.पी. के बदायूं में महिला को दहेज के लिए आग के हवाले करने का मामला पिछले दिनों पंजाब केसरी ने उठाया था। इसके बाद प्रदेश महिला आयोग ने यह कदम उठाया है। दहेज उत्पीडऩ का शिकार हुई महिला ने इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी पत्र लिखकर न्याय दिलाने की मांग की है।

यह है मामला
गांव टकसाल की 25 वर्षीय महिला पूजा की शादी वर्ष 2012 को यू.पी. के बदायूं जिला में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसका पति मनीष मोटरसाइकिल की मांग करने लगा। उसकी यह मांग पूरी न होते देख मनीष ने पूजा से मारपीट करनी शुरू कर दी। पीड़ित पूजा का आरोप है कि अगस्त, 2017 को उसे जला कर मारने का भी प्रयास किया गया, जिसकी एफ.आर.आई. जिला बदायूं के उझानी पुलिस स्टेशन में दर्ज है, लेकिन जांच इससे आगे नहीं बढ़ पा रही है।

जरूरत पड़ी तो यू.पी. के मुख्यमंत्री से करेंगे बात : डा. डेजी ठाकुर
प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डा. डेजी ठाकुर ने कहा कि उन्हें मीडिया के जरिए महिला के साथ हुए अन्याय के बारे में जानकारी मिली है। इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए यू.पी. के बदायूं जिले के एस.पी. व यू.पी. महिला आयोग की सचिव को पत्र भेजकर इस मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी गई है। इस मामले में फीडबैक लेते रहेंगे। इसके साथ ही जरूरी हुआ तो इस मामले को लेकर हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के माध्यम से यू.पी. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी बात की जाएगी। हिमाचल की इस बेटी को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।

Punjab Kesari