अब कमजोर छात्र भी पास करेंगे कठिन परीक्षा, HAS अधिकारी ने ईजाद की ये तकनीक

Tuesday, Mar 27, 2018 - 11:28 PM (IST)

सोलन: कमजोर छात्रों का भी आई.ए.एस., एच.ए.एस. या फिर अन्य बड़े अधिकारी बनने का सपना साकार हो सकता है। 2003 बैच के एच.ए.एस. अधिकारी व लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड होल्डर राजीव कुमार ने स्टडी एवं एग्जाम की ऐसी तकनीक विकसित की है, जिसकी सहायता से कोई भी छात्र कठिन से कठिन परीक्षा को उत्तीर्ण करने के लिए सक्षम बन सकता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इसके लिए उसे कुछ भी खर्च नहीं करना पड़ेगा। यू ट्यूब पर इंडिया ब्रेन पावर द्वारा अपलोड किए गए वीडियो देख कर ही वे प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार हो जाएंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि इस तकनीक से जो छात्र पढ़ाई करेगा, वे भूलेगा नहीं। 

कम समय में अधिक जानकारी याद कर सकते हैं छात्र
बी.बी.एन.डी.ए. में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने ऐसी तकनीक विकसित की है, जिसकी मदद से विद्यार्थी कम समय में अधिक से अधिक जानकारी याद कर सकते हैं तथा अपने दिमाग को अधिकतम इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे वीडियो बनाए हैं जिनको देखने मात्र से काई भी व्यक्ति सम्बन्धित जानकारी को कुछ ही समय में याद कर सकता है अन्यथा इस जानकारी को याद करने में कई सप्ताह या महीने लग सकते हैं। 

यू ट्यूब पर अपलोड कीं वीड्यिोज
उन्होंने बताया कि इंडिया ब्रेन पावर द्वारा मैमोरी अध्ययन व परीक्षा की विधियां, भारत सम्बन्धित जानकारी, संसार सम्बन्धी जानकारी, सही इंग्लिश बोलने के तरीके तथा विश्व के जनगणना के आंकड़े विडियो के माध्यम से यू ट्यूब पर अपलोड किए गए हैं। इसके अलावा भारत का संविधान, तर्क शक्ति मौखिक और गैर-मौखिक, मुहावरे एवं लोकोक्तियां, एस.एस.बी. क्रेक, एस्से लिखने की विधियां, सामान्य ज्ञान, क्वांटिटेटिव एप्टीच्यूड, शब्दावली, भारतीय इतिहास, सामान्य विज्ञान व इंग्लिश ग्रामर को याद करने की तकनीक भी यू ट्यूब पर अपलोड की जाएगी। 

वर्ष 1996 में दर्ज हुआ लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में नाम
बता दें कि एच.ए.एस. अधिकारी राजीव कुमार ने वर्ष 1996 में अपना नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज करवाया था। उन्होंने 1996 में मैमोरी स्टडी और एग्जाम टैक्निक्स किताब लिखी थी, जिसे प्रदेश के विश्वविद्यालयों, कालेज व स्कूलों के पुस्तकालयों में अनिवार्य बनाया गया था। राजीव कुमार का कहना है कि उनकी यह तकनीक उन छात्रों के लिए मददगार होगी जो गरीबी के कारण महंगी कोचिंग लेने में असमर्थ हैं। 

अभी तक लिखी हैं 4 किताबें 
राजीव कुमार ने अभी तक 4 पुस्तकें लिखी हैं। इनमें मैमोरी स्टडी और एग्जाम टैक्रिक्स, आई.ए.एस. साइकलॉजी मुख्य परीक्षा के पूर्ण पेपर, निबंध लेखन की विधियां तथा नॉन वर्बल रिजनिंग प्रमुख हैं। 

Punjab Kesari