BPL परिवारों को सूची में शामिल करने के लिए अब छंटनी प्रक्रिया शुरू

Friday, Feb 23, 2018 - 10:41 AM (IST)

शिमला : जिला में बी.पी.एल. परिवारों को सूची में शामिल करने के लिए अब छंटनी प्रक्रिया शुरू हो गई है। गरीब एवं पात्र उम्मीदवारों को सूची में शामिल करने के लिए अब पंचायत स्तर पर यह अभियान चलाया जा रहा है। अब बी.पी.एल. परिवार में शामिल लोगों के संबंध में पूरी पंचायत के सदस्यों को इसकी जानकारी होगी। बाकायदा पंचायतों को इसके लिए बी.पी.एल. सूची में शामिल परिवारों की लिस्ट अपने कार्यालय के बाहर लगानी होगी, जहां पर सभी पंचायत के लोग आसानी के साथ सूची में शामिल परिवारों के बारे में जान सकें।

बी.पी.एल. परिवारों की संख्या की सूची पूरी हो गई
सरकार द्वारा सैट किए गए 100 दिन के टारगेट के तहत अब केवल पात्र उम्मीदवार ही सूची में शामिल किए जाएंगे। इस संबंध में यदि कोई गरीब परिवार बी.पी.एल. परिवार में शामिल नहीं किया गया है तो वह इसकी शिकायत पंचायत प्रधान को कर सकता है और यदि पंचायत इस संबंध में संज्ञान नहीं लेती है तो बी.डी.ओ. को मामले की शिकायत की जा सकती हे। यदि किसी पंचायत में शामिल बी.पी.एल. परिवारों की संख्या की सूची पूरी हो गई हो तो ऐसे में सूची में शामिल अपात्र लोगों को बाहर भी किया जा सकता है। इसके लिए बी.डी.ओ. को इस संबंध में जानकारी देनी होगी।