यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों की अब खैर नहीं

Saturday, Jul 21, 2018 - 12:45 PM (IST)

नाहन :जिला सिरमौर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं है। अब जल्द ही जिला सिरमौर की सड़कों पर पुलिस कांस्टेबल एम.वी. एक्ट के तहत चालान काटते नजर आएंगे। जिला पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के लिए फिलहाल 5 पुलिस आरक्षियों को चुना गया है। जो जल्द ही सड़कों पर चालान करते नजर आएंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालयों से निर्देशों के बाद उक्त प्रक्रिया शुरू की गई है। जिसके तहत उक्त आरक्षियों को चुना गया है।

एक सप्ताह का दिया गया विशेष प्रशिक्षण
पुलिस विभाग के आलाधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर के लिए उक्त 5 पुलिस आरक्षियों को चालान के लिए चुना गया। जिसके बाद उन्हें पुलिस लाइन नाहन में विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान एम.वी. एक्ट के तहत चालान बारे विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा अन्य विभिन्न प्रकार की जानकारियां उन्हें दी गई।

इन क्षेत्रों में होंगे तैनात
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला में चालान के लिए 2 कांस्टेबल टी.टी.आर. पांवटा साहिब में, 2 कांस्टेबल रेणुका क्षेत्र में व एक कांस्टेबल की तैनाती राजगढ़ क्षेत्र के लिए की गई है। इसके अतिरिक्त अन्य आरक्षियों को भी चरणबद्ध तरीके से चुना जाएगा। जिसके बाद इनकी संख्या बढ़ सकती है, ऐसे में अब यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के लिए समस्या सामने आ सकती है।
 

kirti