अब रेणुका झील की सुंदरता में लगेंगे चार चांद, विभाग ने शुरू किया ये कार्य

Thursday, Mar 28, 2019 - 11:45 AM (IST)

नाहन(सतीश) : लाखों लोगों की आस्था व आकर्षण का केंद्र राज्य की सबसे बड़ी प्राकृतिक पवित्र रेणुका झील की सुंदरता को निखारा जा रहा है। वन्य प्राणी विभाग द्वारा जहां झील की सफाई का कार्य शुरू किया गया है। वही झील के 3 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग को भी संवारने का कार्य लगभग अंतिम चरण में है।

जानकारी के मुताबिक झील के अंतिम छोर में पिछले कई सालों से अजोला, लेंटेना, आईपोमिया नामक घास उगनी शुरू हो गई थी। जिसने झील के करीब आधा किलोमीटर हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था।

वन्य प्राणी विभाग के आरओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि घास लगातार बढ़ रही थी जिसके बाद इसको हटाने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग को सवारने पर करीब एक करोड़ 27 लाख रुपए की राशि खर्च की जा रही है। जिसका जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है।

वहीं वन्य प्राणी विभाग द्वारा शुरू किए गए इस कार्य की यहां पहुंचने वाले पर्यटक भी तारीफ कर रहे हैं उनका कहना है कि निश्चित तौर पर सौंदर्य करण को बढ़ावा मिलेगा जो उनके लिए आकर्षण रहेगा।

रेणुका जी में प्रतिदिन ना केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पड़ोसी राज्य पंजाब, हरियाणा उत्तराखंड सहित कई राज्यों से भारी तादाद में लोग पहुंचते हैं। जिनके लिए रेणुका झील आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है। वही लोग पवित्र स्नान भी करते हैं ऐसे में झील के सौन्दर्य करण का कार्य सराहनीय है।

kirti