अब दिल्ली से धर्मशाला लौटे किशन कपूर, NSUI ने दर्ज करवाई शिकायत

Friday, Apr 17, 2020 - 10:54 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ सूद): कोरोना महामारी से निपटने के लिए जारी राष्ट्रव्यापी लॉकडाऊन के बीच दिल्ली से अपने घर जोगिंद्रनगर लौटे मंडी के सांसद राम स्वरूप शर्मा के बाद अब कांगड़ा-चम्बा के भाजपा सांसद किशन कपूर के दिल्ली से धर्मशाला स्थित अपने घर लौटने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस के छात्र विंग एनएसयूआई के मीडिया प्रभारी रजत राणा ने जिला पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवा कर किशन कपूर के खिलाफ लॉकडाऊन में दिल्ली से धर्मशाला वापस आने पर कार्रवाई करने की मांग की है।

आम जनता और भाजपा नेताओं के लिए अलग नियम नहीं हो सकते

राणा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आम जनता के लिए अलग और भाजपा नेताओं के लिए अलग नियम नहीं हो सकते हैं। उनका आरोप है कि राष्ट्रव्यापी लॉकडाऊन के बावजूद भाजपा सांसदों को अपने घर लौटने की अनुमति दी जा रही है जबकि अन्य राज्यों में फंसे हिमाचल के लाखों निवासी अपनी घर वापसी को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं। जानकारी अनुसार सांसद कपूर गत 10 अप्रैल को धर्मशाला वापस लौटे हैं।

मैं घर में क्वारंटाइन, ओछी राजनीति कर रही कांग्रेस : कपूर

उधर, सांसद किशन कपूर ने संपर्क करने पर कहा कि वह लॉकडाऊन के बाद 14 दिनों से अधिक समय तक दिल्ली स्थित अपने निवास पर क्वारंटाइन में रहे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला लौटने के बाद भी मैंने खुद को घर में क्वारंटाइन रखा है। दिल्ली में सक्षम अधिकारियों से धर्मशाला वापस आने की अनुमति मिलने के बाद ही मैं घर लौटा हूं। कांगड़ा जिले में प्रवेश करने के बाद मेरा स्क्रीनिंग टैस्ट भी हुआ है लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर सिर्फ ओछी राजनीति कर रही है। कांग्रेस के कई विधायक लॉकडाऊन तोड़कर अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से कुछ अन्य राज्यों से भी आए हैं।

Vijay