अब यहां दिन-दिहाड़े कटी नाबालिग लड़की की चोटी, दहशत में गांव

Saturday, Aug 19, 2017 - 08:07 PM (IST)

पालमपुर: हिमाचल प्रदेश में बाल कटने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को सुलह विधानसभा क्षेत्र की पंतेहड़ पंचायत में छात्रा के बाल कटने पर गांव में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि अंकिता (14) पुत्री अशोक कुमार निवासी पंतेहड़ वार्ड नंबर 6 की रहने वाली है। अंकिता शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुलह से 12 बजे स्कूल से घर आई। उसके उपरांत वह सो गई, ऐसे में इसी दौरान उसके बाल कट गए। जानकारी के मुताबिक लड़की के बाल कटने की घटना सायं 4 बजे के करीब घटी बताई जा रही है। 

चारपाई के मध्य पड़े थे कटे हुए बाल
जब वह सोकर उठी तो उसके कटे हुए बाल चारपाई के मध्य पड़े थे जिस पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर उसकी ताई दौड़ती हुई आई। इस दौरान गांव के सभी लोग एकत्रित हो गए तथा अफरा-तफरी मच गई। इस संदर्भ में छात्रा के पिता ने उपप्रधान को सूचित किया। इस पर उपप्रधान ने पुलिस को सूचना दी। इस बारे थाना प्रभारी ओ.पी. ठाकुर ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।