टनल रिसाव के कारण Landslide का बढ़ा खतरा, खाली करवाए 2 गांव

Wednesday, Apr 19, 2017 - 10:20 AM (IST)

कुल्लू: कुल्लू जिले की सैंज घाटी में लोगों की मुश्किल कम होने का नाम नही ले रही है। अब रैला गांव के साथ लगती पहाड़ी ने दरकना शुरू कर दिया है। जिसके चलते एस डी एम बंजार ने देर रात को ही ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। बताया जाता है कि जिस पहाड़ी से टनल लीक हुई है, वहां से मिट्टी और पत्थरों का गिरना शुरू हो गया है। पहाड़ी के नीचे बसे गांवों के लोग अपने-अपने घरों से रात को सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। एसडीएम बंजार एम आर भारद्वाज ने मौके पर पहुंच कर महिला, बच्चों और बुजुर्गों को एचएचपीसी के गेस्ट हाउस में ठहराया गया है, जहां पर उनके रहने का पूरा इंतजाम है। 

10 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
रैला पंचायत के बीडीसी सदस्य प्रभ पालसरा ने बताया कि रात करीब 12 बजे पहाड़ी के दरकने की आवाजें सुनाई दी और लोगों ने अपने अपने घरों से भागना ही ठीक समझा। इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई और उन्होंने मौके पर पहुंचकर भंईबल व राईन के 10 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रिसाव के बाद पावर हाऊस के ऊपर 1000 मीटर दूरी पर रैला गांव के नीचे भी 100 मीटर लम्बी दरार पड़ गई है जिसके चलते शुलगा, रूमरा, खड़ोआ, रैला व जीव गांवों को भू-स्खलन की चपेट में आने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि खेतों व घरों में न जाने के बाद उनकी परेशानी बढ़ गई है। उनकी नकदी फसलें भी तबाह हो चुकी हैं। प्रशासन ने एन.एच.पी.सी. को आदेश जारी कर दिए है। ग्रामीणों को जल्द फसलों का मुआवजा प्रदान किया जाए। 


पहाड़ी पर जाकर प्रशासन लेगा जायजा
भारद्वाज ने बताया कि अब प्रशासन पहाड़ी पर जाकर मौके का जायजा लेगा और संभावित खतरों को भापेगा। पूर्व प्रधान ने बताया कि ठीक रैला के ऊपर पहाड़ी पर करीब दो सौ मीटर लंबी दरारें पड़ गई है, जिससे रैला सहित इसके साथ लगते गांवों को भी खतरा पैदा हो गया है।