अब शिमला-चंडीगढ़ भूल जाइए, नाहन में खुलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र

Wednesday, Aug 08, 2018 - 04:43 PM (IST)

नाहन: प्रदेश के पिछड़े जिलों की श्रेणी में शुमार जिला सिरमौर के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। अब जिला के लोगों को पासपोर्ट के लिए यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार दिसम्बर, 2018 तक जिला मुख्यालय नाहन में प्रदेश का 7वां पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलेगा। यदि यहां पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू होता है तो जिला के सभी उपमंडलों के लोगों को भारी राहत मिलेगी। इससे पूर्व जिला सिरमौर के लोग पासपोर्ट बनवाने के लिए शिमला व चंडीगढ़ आदि में धक्के खाने को मजबूर थे। एक पासपोर्ट बनाने की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अक्सर कई-कई चक्कर लोगों को काटने पड़ते थे। इससे न केवल समय का नुक्सान होता था, साथ ही कई बार 200 से अधिक किलोमीटर का सफर तय कर जिला के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आॢथक नुक्सान भी उठाना पड़ता था। इसके अलावा जिला के विद्याॢथयों, उद्योगपतियों व अधिकारियों आदि को अचानक विदेश यात्रा आदि पर जाने के लिए शिमला के चक्कर काटने पड़ रहे थे।

केंद्रीय विदेश मंत्री एवं संचार मंत्री के समक्ष उठाया था मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिमला संसदीय सीट के सांसद वीरेन्द्र कश्यप द्वारा हाल ही में केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा केंद्रीय संचार मंत्री मनोज सिन्हा के समक्ष यह मामला उठाया गया था। जिसके बाद जानकारी दी गई कि विदेश मंत्रालय तथा डाक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जाने वाला पासपोर्ट सेवा केंद्र नाहन में दिसम्बर, 2018 तक खुल जाएगा। यह केंद्र हैड पोस्ट ऑफिस नाहन में शुरू किया जाएगा। जानकारी के अनुसार केंद्र में सप्ताह में 5 दिन तक लोगों को सेवाएं मिलेंगी।

प्रदेश का 7वां होगा पासपोर्ट सेवा केंद्र
देश में अभी तक करीब 251 पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले गए हैं। इसी कड़ी में सिरमौर में खोले जाने वाला पासपोर्ट सेवा केंद्र प्रदेश में 7वां केंद्र होगा। इससे पहले प्रदेश में पालमपुर, हमीरपुर, ऊना, मंडी, कांगड़ा तथा कुल्लू में पासपोर्ट सेवा केंद्रों में लोगों को सुविधाएं मिल रही हैं। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त केंद्र के सिरमौर में खुल जाने के बाद जिला के 2.25 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में फैले 5 उपमंडलों की 6 लाख जनसंख्या को पासपोर्ट अपने जिला में ही बनवाने का लाभ मिलेगा।

लोगों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि सिरमौर जिला में लोगों की वर्षों पुरानी मांग को देखते हुए पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जाने का मामला केंद्रीय विदेश मंत्री एवं संचार मंत्री के समक्ष उठाया गया था, जिसके बाद दिसम्बर, 2018 तक हैड पोस्ट ऑफिस नाहन में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोला जाएगा। इससे जिला के लोगों को लाभ मिलेगा।

Vijay