अब दोगुने जोश से होगा भ्रष्टाचार का विरोध: शंकर सिंह

Sunday, Jun 24, 2018 - 09:44 AM (IST)

बिलासपुर (विशाल): सत्य जब सामने आता है तो असत्य बौखलाता है। हमीरपुर में परिवहन मजदूर संघ की सभा में घटी घटना असत्य पर चलने वालों की उसी बौखलाहट का परिणाम है, जो उनकी पोल खुलने के डर से पैदा हुई। यह बात परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने एच.आर.टी.सी. बिलासपुर वर्कशॅाप के गेट पर आयोजित परिवहन कर्मचारियों की गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए कही। 


इस गेट मीटिंग का आयोजन परिवहन मजदूर संघ की बिलासपुर जिला इकाई ने किया था, जिसकी अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष राम कुमार ने की और इसमें भाग लेने के लिए शंकर सिंह विशेष आमंत्रण के तौर पर पहुंचे थे। शंकर सिंह ने कहा कि हमीरपुर की घटना ने उन्हें देश व प्रदेश के बड़े नेताओं की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। ऐसी घटनाएं उन्हें अन्याय, अत्याचार व भ्रष्टाचार का विरोध करने से नहीं रोक सकतीं। इस घटना ने मुझे और अपार शक्ति प्रदान की है। अब अन्याय व भ्रष्टाचार का विरोध दोगुने जोश से होगा।  


मुख्यमंत्री से मांगी हमीरपुर घटना की जांच
संघ के जिलाध्यक्ष राम कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि परिवहन मजदूर संघ की बिलासपुर इकाई हमीरपुर में संघ के प्रदेशाध्यक्ष को अपमानित करने की घटना की निंदा करती है। मजदूर संघ के बढ़ते प्रभाव से चंद भ्रष्ट अफसरों की नींद हराम हो चुकी है, जिस कारण संघ के प्रधान पर सुनियोजित षड्यंत्र के तहत उन्हें परेशान व बदनाम करने के लिए घिनौने हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। घोटालों में संलिप्त एक अधिकारी ही हमीरपुर कांड का सूत्रधार है, जिसकी जांच अवश्य होनी चाहिए। मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष पर हमीरपुर में घटी घटना इन सभी परिवहन मजदूरों पर हमला है, जो सत्य व न्याय के साथ हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद अब एच.आर.टी.सी. के कर्मचारी भय व आतंक के माहौल से उबर चुके हैं और एक लंबे अंतराल के बाद एस.आर.टी.सी. को क्षमतावान नेतृत्व के चलते मजबूत व समर्थ निगम के तौर पर पूरे प्रदेश में देखा जाने लगा है। मांग की गई कि मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री हमीरपुर घटना की निष्पक्ष जांच करवाएं।


 

Ekta