‘जब सरकारें थीं तो कुछ नहीं किया, अब CU का श्रेय लेने की कोशिश कर रही कांग्रेस’

Friday, Oct 26, 2018 - 12:54 PM (IST)

धर्मशाला : केंद्रीय विश्वविद्यालय व बी.डी.ओ. फतेहपुर के बर्खास्त के मामले को लेकर वीरवार को भाजपा ने कांग्रेस को दोनों मुद्दों पर खूब घेरा। धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान जिला मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा ने कहा कि सी.यू. के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने आज तक कुछ नहीं किया और जब इसके श्रेय की बात आ रही है तो बिना वजह अपने होर्डिग लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय लेना कांग्रेस का बिल्कुल भी नहीं बनता है और जब इनकी केंद्र व राज्य में सरकारें थीं तब तो केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए इनकी पार्टी ने कुछ नहीं किया और जब भाजपा ने सत्ता परिवर्तन के कुछ ही समय में केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम जमीन स्थानांतरित कर दी तो यह श्रेय लेने के लिए आ गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जिला कांगड़ा में आते थे तो शाहपुर व देहरा सहित अन्य स्थानों में जाकर उन सभी स्थानों में सी.यू. खोलने की बात करते थे और जब वह शिमला पहुंच जाते थे तो इस मुद्दे को लेकर चुप्पी साध लेते थे। राजेश शर्मा ने आरोप लगाया कि जब उनके मुख्यमंत्री व उनकी कैबिनेट ने सी.यू. के मुद्दे को लेकर पिछले 5 साल कुछ नहीं किया तो वह किस बात का श्रेय ले रहे हैं। उन्होंने पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को भी घेरते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तो मंत्री द्वारा बयान आते थे कि केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास जल्द ही सोनिया व राहुल गांधी द्वारा किया जाएगा जबकि सत्ता छूट जाने के बाद भी वह धर्मशाला के बुद्धिजीवी लोगों को बरगला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जैसे ही प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई तो खाद्य एवं आपुर्ति मंत्री किशन कपूर व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अथक प्रयासों से यह जमीन केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम हुई है और नवम्बर माह में इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री या प्रधानमंत्री से करवाया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री यशपाल सभ्रवाल, धर्मशाला मंडल महामंत्री विजय शर्मा, चंद्र भारद्वाज, रमेश जरियाल व अधिकांश डोगरा भी मौजूद रहे।

kirti