अब 40-45% अंक वाले भी कर सकेंगे इंजीनियरिंग, हिमाचल से नहीं जाना पड़ेगा बाहर

Monday, Mar 12, 2018 - 10:01 AM (IST)

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में इस बार 40 और 45 प्रतिशत अंकों वाले बच्चों को भी एडमिशन मिलेगी ताकि हिमाचल के हजारों बच्चे इंजीनियरिंग करने पंजाब या किसी अन्य दूसरे राज्य का रुख न करें। इसके लिए तकनीकी विश्वविद्यालय का प्रशासन पूरी तरह जुट गया है। हिमाचल के बच्चों के साथ ही पंजाब सहित अन्य राज्यों के बच्चों के अलावा बाहरी देशों जिनमें कजाकिस्तान, बंगलादेश, वर्मा व नेपाल सहित श्रीलंका के बच्चों को भी हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग में दाखिला देगा। 


यही नहीं तकनीकी विश्व विद्यालय में इस बार 4 से 5 हजार बच्चों का दाखिला करवाने का लक्ष्य विश्वविद्यालय प्रशासन ने रखा है और इसके लिए वह प्रशासन ने मार्कीटिंग सहित सोशल मीडिया के माध्यम से हिमाचल में शिक्षा का बेहतर माहौल होने के साथ ही बेहतर वातावरण इत्यादि कई ऐसी चीजें पेश की जा रही हैं ताकि पूरे देश और विदेशों से बच्चे हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में दाखिला लेने पहुंचें। अब हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रशासन ने बाहरी राज्यों में जाने वाले विद्यार्थियों को रोकने के लिए और हिमाचल प्रदेश तकनीकी विद्यालय में ज्यादा एडमिशन करने के लिए मैरिट लिस्ट में भी संशोधन किया है। जहां पहले हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्व विद्यालय में 50 से 55 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता थी, वहीं अब 40 से 45 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता सुनिश्चित की गई है। 


एस.सी. वर्ग के लिए 40 प्रतिशत की अनिवार्यता
अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थी के लिए 40 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता रखी गई है। उधर, हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्व विद्यालय के फीस स्ट्रैक्चर में भी संशोधन किया है ताकि बाहरी राज्यों और विदेश से भी विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्व विद्यालय में इंजीनियरिंग करने पहुंचें।