चम्बा-हमीरपुर-सोलन में महिला पुलिस स्टेशन खोलने की अधिसूचना जारी

Friday, Jul 20, 2018 - 06:11 PM (IST)

शिमला (राक्टा): राज्य सरकार ने चम्बा, हमीरपुर और सोलन जिला में महिला पुलिस थाने खोलने की अधिसूचना जारी कर दी है। ऐसा होने से राज्य में अब महिला पुलिस थानों की संख्या 11 हो गई है। नए महिला थानों के लिए स्टाफ भी स्वीकृत कर दिया गया है। अधिसूचना के अनुसार प्रत्येक पुलिस स्टेशन में 21 कर्मचारियों की तैनाती होगी। इनमें 1 महिला इंस्पैक्टर, 1 महिला सब इंस्पैक्टर, 2 महिला ए.एस.आई. 3 महिला हैड कांस्टेबल और 10 महिला व 4 पुरुष कांस्टेबल शामिल हंै। देखा जाए तो राज्य के 2 जिलों किन्नौर व लाहौल-स्पीति में महिला पुलिस स्टेशन खोले जाने शेष हैं। जिला बद्दी में भी महिला थाना खोला जा चुका है।


सभी जिलों में खुलेंगे महिला पुलिस स्टेशन
महिलाओं को घर-द्वार पर बेहतर कानून व्यवस्था उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार ने सभी जिलों में महिला पुलिस स्टेशन खोलने का निर्णय लिया है। महिला थाना में महिलाएं बेझिक होकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हंै। प्रदेश की जयराम सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए शक्ति एप भी लॉन्च की है। इसके साथ ही महिलाओं को बेहतर कानून व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए सरकार ने गुडिय़ा हैल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। इनके अलावा अन्य आपातकालीन नंबर 94591-00100 व्हाट्सएप और एस.एम.एस. नंबर है। राष्ट्रव्यापी आपातकालीन रिस्पांस सिस्टम कॉल नंबर 112 है। विभाग की वैबसाइट पर जाकर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।


राज्य में 141 पुलिस स्टेशन
राज्य में पुलिस स्टेशनों की संख्या 141 है। इनमें जिलों के तहत पुलिस के 114 थाने हंै। इसी तरह स्टेट विजीलैंस के 12,11 महिला पुलिस स्टेशन, रेलवे पुलिस के 2 और सी.आई.डी. एक भराड़ी थाना तो दूसरा साइबर क्राइम थान हैडक्वार्टर में है।


107 पुलिस पोस्ट, 32 अस्थायी पोस्ट
प्रदेश में पुलिस पोस्ट की संख्या 107 है। इनमें 104 पुलिस की तो 3 पोस्ट टी.टी.आर. की हैं। इसके साथ ही यहां अस्थायी पुलिस पोस्टों की संख्या 32 है।

Vijay