कांगड़ा में सीवरेज कनैक्शन न लेने वाले 200 लोगों को नोटिस

Wednesday, Oct 31, 2018 - 11:07 AM (IST)

कांगड़ा : नगर परिषद कांगड़ा ने अब तक सीवरेज कनैक्शन न लेने वालों पर कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए हैं। नगर परिषद ने यह कार्रवाई एस.डी.एम. कांगड़ा के आदेशों के बाद की है। जानकारी के अनुसार वार्ड 1,2 व 3 में काफी संख्या में लोगों ने सीवरेज कनैक्शन नहीं लिए हैं, जिस पर नगर परिषद ने लगभग 200 लोगों को नोटिस थमा दिए हैं।

एस.डी.एम. कांगड़ा शशिपाल नेगी ने लंबे समय से चल रही ढुलमुल सीवरेज कार्य प्रणाली पर कड़ा संज्ञान लेते हुए मंगलवार को एक बैठक बुलाई थी। इस बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा, कार्यकारी अधिकारी कंचन बाला, व्यापार मंडल के अध्यक्ष पं. वेद प्रकाश शर्मा, मंदिर अधिकारी नीलम कुमारी, एस.डी.ओ. सीवरेज विनोद बनियाल, नगर परिषद व मंदिर के कनिष्ठ अभियंता ने भी भाग लिया। इस दौरान एस.डी.एम. कांगड़ा ने लंबे समय से चल रहे सीवरेज कार्य में ढील बरतने के लिए सीवरेज विभाग को लताड़ लगाई और कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं एस.डी.एम. ने एस.डी.ओ. सीवरेज को उनके कार्य में आ रही परेशानियों बारे पूछा।

एस.डी.ओ. सीवरेज विनोद बनियाल ने अपनी समस्याओं को एस.डी.एम. के समक्ष रखा और बताया कि कांगड़ा के वार्ड 1, 2 व 3 के लोगों ने सीवरेज के कनैक्शन नहीं लिए हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए एस.डी.एम. कांगड़ा ने सीवरेज कनैक्शन न लेने वाले लोगों को नोटिस जारी करने के आदेश दिए। इन्हीं आदेशों पर नप की कार्यकारी अधिकारी ने 200 के करीब लोगों को नोटिस जारी किए जो कनैक्शन नहीं ले रहे हैं।
 

kirti