चुनाव प्रचार का खर्च कम दिखाने पर भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर को नोटिस

Thursday, May 16, 2019 - 11:10 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ सूद): जिला निर्वाचन विभाग ने चुनाव प्रचार का खर्च कम दिखाने पर भाजपा के प्रत्याशी किशन कपूर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वीरवार को चुनाव व्यय कमेटी की बैठक में कपूर के प्रचार खर्च रजिस्टर और निर्वाचन विभाग के शैडो रजिस्टर में 14 मई तक दर्ज प्रचार के खर्च में बड़ा अंतर सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग ने कपूर से इस अंतर को लेकर जवाब मांगा है। जानकारी के अनुसार भाजपा प्रत्याशी ने 14 मई तक अपना कुल प्रचार खर्च 22 लाख 61 हजार 469 रुपए दर्शाया है जबकि निर्वाचन विभाग के शैडो रजिस्टर में उनका प्रचार खर्च 45 लाख 54 हजार 586 रुपए दर्ज किया गया है। उनके प्रचार खर्च में करीब 22 लाख 93 हजार 117 रुपए का अंतर पाया गया है।

निर्वाचन विभाग ने चम्बा रैली का खर्च भी खाते में जोड़ा

निर्वाचन विभाग ने चम्बा में हुई रैली का करीब 19.50 लाख रुपए का खर्च भी भाजपा प्रत्याशी के  खाते में जोड़ा है। उधर, चुनाव व्यय अनुश्रवण कमेटी के नोडल अधिकारी व ए.डी.सी. कांगड़ा राघव शर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा कि प्रचार खर्च में आए अंतर को लेकर किशन कपूर को नोटिस जारी किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल ने प्रचार पर खर्चे 32.19 लाख

कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल ने नामांकन भरने से लेकर अब अपने चुनाव प्रचार पर 32.19 लाख रुपए खर्च किए हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर का प्रचार खर्च 16 मई तक 22.67 लाख रुपए रहा है।

निर्दलीय व अन्य पार्टी प्रत्याशियों ने इतना किया खर्च

निर्दलीय बचन सिंह राणा ने 18.28 लाख रुपए, नवभारत एकता दल के उम्मीदवार प्रेम चंद विश्वकर्मा ने 2.99 लाख रुपए, हिमाचल जनक्रांति पार्टी के सुभाष चंद ने 1.68 लाख रुपए, निर्दलीय निशा कटोच ने 1.61 लाख रुपए, बसपा के प्रत्याशी केहर सिंह ने 1.50 लाख रुपए, स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवार स्वरूप राणा ने 1.16 लाख रुपए, निर्दलीय संजीव गुलेरिया ने 85 हजार रुपए, निर्दलीय नरेंद्र पठानिया ने 80 हजार रुपए और निर्दलीय चंद्रभान ने सबसे कम 16,195 रुपए अपने चुनाव प्रचार पर खर्च किए हैं। संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतरे कुल 11 उम्मीदवार अब तक चुनाव प्रचार पर 83 लाख 93 हजार 938 रुपए खर्च कर चुके हैं। 

Vijay