हिमाचल में नहीं थमा चोटियां कटने का सिलसिला, 2 और हुईं शिकार

Tuesday, Aug 22, 2017 - 09:11 PM (IST)

देहरा/सुलह: हिमाचल में रहस्यमयी तरीके से चोटी कटने की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इन घटनाओं से महिलाओं में दहशत का माहौल बन गया है। मंगलवार को नगर परिषद देहरा के वार्ड नम्बर 3 अमरपुरी में एक महिला की चोटी कटने का मामला सामने आया है। अमरपुरी में रात को सोई हुई महिला पिंकी देवी पत्नी राजीव कुमार की चोटी कट गई। पिंकी देवी ने बताया कि वह सुबह जब उठी तो उसकी कटी हुई चोटी बिस्तर पर पड़ी हुई थी। चोटी कटने की घटना से उक्त महिला बुरी तरह से सहम गई। महिला के पति ने इस घटना की सूचना नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता कुमारी को दी। नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने मौके पर पहुंच कर देहरा पुलिस को इस बारे में सूचित किया। ए.एस.आई. गुरदेव सिंह ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने बताया कि वह भी असमंजस में है कि चोटी कैसे कटी।

पंतेहड़ में कटी नाबालिगा की चोटी
वहीं भवारना पुलिस थाने के तहत शनिवार को सुलह के पंतेहड़ की एक युवती अंकिता की चोटी कटने के बाद पंतेहड़ में ही सोमवार रात को एक और लड़की मीनाक्षी सुपुत्री विनोद कुमार (16) साल की चोटी कट गई। जानकारी के अनुसार मीनाक्षी ने बताया कि वह रात को मां के साथ सोई थी और सपने में कोई उसके सिर पर पत्थर मार रहा था। करीब 10 बजे जब उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि उसके बाल कटे हुए थे, जिस पर 11 बजे रात भवारना पुलिस थाना को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूछताछ की है।